नैनीताल । नैनीताल- कालाढूंगी मोटर मार्ग पर रविवार को बजून क्षेत्र में एक कार के सडक़ किनारे पार्क कार में टकराने से पांच लोग घायल हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवती को हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक पंचकुला निवासी राकेश अल्मोड़ा जिले के भिकियासैण में एक बैंक में तैनात है। रविवार को वह अपनी कार एचआर 49 जे-0468 से मंगेतर पुष्पलता के साथ कैंची धाम जा रहे था। बजून क्षेत्र में पहुंचने पर पुष्पलता को उल्टी आने लगी तो उन्होंने कार सडक़ किनारे पार्क कर ली। पुष्पलता उल्टी करने बाहर उतरी ही थी कि सामने से आ रही तेज रफतार कार संखया यूपी 14 एलबी-7944 उनकी कार से भिड़ गई। टक्कर मारने के बाद कार पलटकर सडक़ के दूसरी ओर जा पहुंची। हादसे में पुष्पलता और दूसरी कार में सवार चालक गाजियाबाद नोएडा निवासी सुरजीत सिंह, विनय राठी तथा मोहित शर्मा व मोहित मलिक भी घायल हो गए। गनीमत रही कि कार के एयर बैग खुल गए और कार में सवारों को गंभीर चोट नहीं आई लेकिन पुष्पलता घायल होने के बाद बेसुध हो गई।
इस दौरान स्थानीय लोगों व राहगीरों ने घायलों को कार व सडक़ से हटाया, जिसके बाद घायल महिला को निजी वाहन से नैनीताल स्थित राजकीय बी.डी. पांडे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, साथ ही अन्य घायलों को भी जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों के उपचार के बाद कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक हेम चंद्र पंत ने हादसे की जानकारी ली।
मामले में एसपी (यातायात व अपराध) डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि युवती की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफ र कर दिया गया है।
अन्य घायलों को भी प्राथमिक उपचार दिया गया है। मामले में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फि लहाल दोनों वाहनों को सडक़ से हटाकर यातायात सुचारु करवा दिया गया है। पूछताछ पर कार की गति तेज होने को हादसे का कारण बताया जा रहा है लेकिन अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है।


