खबर शेयर करें 👉

ओखलकांडा के सुनकोट में दुल्हा के ऊपर झोंकी फायर, घायल

देवीधुरा से सुनकोट गांव आयी थी बारात

भीमताल। ओखलकांडा ब्लॉक के सुनकोट में सोमवार को दुल्हा के पीठ में अज्ञात व्यक्ति ने गोली चला दी। इससे दुल्हा घायल हो गया और उसे उपचार के लिए पाटी चम्पावत ले गये हैं जहां से हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। गोलीकांड के बाद बारात में अफरातफरी का माहौल हो गया। गोली किसने चलाई इसका पता नहीं चल सका। घटना की सूचना राजस्व पुलिस व रेगूलर पुलिस को दी गई।जानकारी के अनुसार सोमवार को देवीधुरा निवासी दीवान सिंह के पुत्र विजय लमगड़िया की बारात सुनकोट निवासी राम सिंह के यहां आयी थी। करीब एक बजे बारात लड़की के घर पहुंची। बारातियों का स्वागत हुआ। जयमाला समेत अन्य कार्यक्रम भी सम्पन्न हुए। इसके बाद दुल्हा व दुल्हन फोटोग्राफी के लिए वहीं पास में गये हुए थे। इसी बीच करीब दो बजे दुल्हा के ऊपर गोली झोंकी गई जो उसके पीठ को छूते हुए निकली। इससे दुल्हा घायल हो गया। गोली की आवाज से बारात में अफरातफरी मच गई। गोली लगने के बाद दुल्हा करीब दो किमी दूर पैदल ही सड़क तक पहुंचा। उसे पाटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे हल्द्वानी के लिए भेज दिया गया। ग्राम प्रधान दिनेश बोरा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गोली किसने चलाई इसका पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना राजस्व व रेगूलर पुलिस को दे दी है। गांव काफी दूर होने के चलते मुक्तेश्वर पुलिस समाचार लिखे जाने तक घटना स्थल तक नहीं पहुंच पाई थी।

You missed

You cannot copy content of this page