भवाली। दुष्कर्म पीड़िता नाबालिग युवती की सुरक्षा की मांग को लेकर शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ता भवाली कोतवाली पहुंचे ।
इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की निवर्तमान प्रदेश महामंत्री भावना मेहरा ने कहा कि पीड़िता नाबालिग है और साधारण परिवार से है । उसके माता-पिता की कमजोर सामाजिक पृष्ठभूमि का फायदा उठाकर कुछ अवांछित तत्व उस पर नाजायज दबाव बना सकते हैं । जिसके लिए पीड़ित व परिवार की सुरक्षा बेहद जरूरी है । उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता भी दिलाई जाएगी व भाजपा परिवार पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है ।
हिंदूवादी नेता कमल मुनि ने पुलिस से क्षेत्र में तत्काल सघन सत्यापन अभियान चलाने की मांग करते हुए कहा कि बाहरी तत्वों को चिन्हित कर कार्यवाही करना जरूरी है । जिससे इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके ।
अधिवक्ता व भाजपा नेता शिवांशु जोशी ने कहा कि मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए ताकि दोषियों को जल्द सजा मिले । उन्होंने पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता दिलाने व मामले में एस सी एस टी की धारा बढ़ाने की मांग की ।
भाजपा नेता आशुतोष चंदोला ने दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की । पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में शुक्रवार को पीड़िता के न्यायालय में बयान हुए हैं । बताया कि पीड़िता व परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी साथ ही अलग अलग टीमों के माध्यम से क्षेत्र में सघन सत्यापन अभियान शुरू कर दिया गया है।


