खबर शेयर करें 👉

बेतालघाट। क्षेत्र के एकमात्र बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) बेतालघाट में शिक्षकों की भारी कमी को लेकर स्थानीय व्यापार मंडल, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश है। लंबे समय से प्रवक्ताओं के पद खाली होने के विरोध में आज एक प्रतिनिधिमंडल ने खंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। क्षेत्रवासियों का कहना है कि पूरे विद्यालय में प्रवक्ता के कुल 9 पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में केवल एक ही प्रवक्ता तैनात हैं, जो राजनीति विज्ञान विषय की हैं और उन्हीं पर प्रभारी प्रधानाचार्य की भी जिम्मेदारी है। इस गंभीर स्थिति के चलते छात्राओं की पढ़ाई पूरी तरह ठप पड़ी है और उनका भविष्य अंधकार में डूबा हुआ है।

ALSO READ:  बेतालघाट के खैराली-बूंगा मोटर मार्ग निर्माण में देरी पर ग्रामीणों में रोष, जल्द कार्य शुरू न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी ।

 

​शिक्षकों की इस घोर कमी का सीधा असर विद्यालय के शैक्षणिक सत्र पर दिखने लगा है। आलम यह है कि इस वर्ष विद्यालय में कक्षा 11 के विज्ञान (साइंस) विषय में एक भी छात्रा ने प्रवेश नहीं लिया है। कक्षा 11 और 12 के स्तर पर जहां 8 अलग-अलग प्रवक्ताओं की जरूरत है, वहां पूरी व्यवस्था महज एक शिक्षक के भरोसे घिसट रही है। जनप्रतिनिधियों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए एक बड़ा दुर्भाग्य बताते हुए शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए हैं।

ALSO READ:  पूर्व अपर सचिव आर सी लोहनी की पुस्तक "सेवा विधि" का मुख्यमंत्री ने किया विमोचन: अब एक ही जगह मिलेगी नियमों और शासनादेशों की जानकारी ।

 

​व्यापार मंडल और स्थानीय नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही विद्यालय में रिक्त पड़े पदों पर स्थाई शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई, तो वे अभिभावकों के साथ मिलकर शिक्षा विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

 

 

 

खंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपने वालों में उपाध्यक्ष भारत आर्या, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य दलीप नेगी, डॉ. कुलवंत सिंह जलाल, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष मोहित पंत, कीर्तिबल्लभ भंडारी, राजेंद्र महरा, भूपेंद्र जलाल और ललित बोहरा सहित क्षेत्र के कई प्रमुख व्यापारी और गणमान्य नागरिक शामिल रहे।

You missed

You cannot copy content of this page