देहरादून । इलाहाबाद हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता ने शनिवार को उत्तराखंड हाईकोर्ट के 15 वें मुख्य न्यायधीश के रूप में शपथ ग्रहण की । उन्हें प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सेवानिवृत्त, गुरमीत सिंह ने लोकभवन देहरादून में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई ।

शपथ ग्रहण समारोह का संचालन राज्य के मुख्य सचिव आनन्द वर्धन ने किया । समारोह में मुख्यमंत्री, कई मंत्रीगण, पुलिस व प्रशासन के शीर्ष अधिकारी,उत्तराखंड हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल योगेश कुमार गुप्ता सहित अन्य न्यायिक अधिकारी, हाईकोर्ट के कई अधिवक्ता व न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता के परिजन मौजूद थे ।


