नैनीताल । नैनीताल जिले के बेतालघाट क्षेत्र में आयोजित आपदा प्रबंधन की मॉकड्रिल के दौरान एक दु:खद दुर्घटना में 17वर्षीय किशोर की कोसी नदी में डूबने से मृत्यु हो गई। दुर्घटना उस समय हुई जब किशोर मॉकड्रिल देखने के लिए नदी पार कर रहा था लेकिन वह संतुलन बिगडऩे से नदी में गिर कर बह गया। मौके पर मौजूद एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल खोज एवं बचाव अभियान चलाया और किशोर को बरामद कर चिकित्सालय ले गये लेकिन चिकित्सालय पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बेतालघाट विकासखंड के शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो मोटर मार्ग स्थित काली पहाड़ी क्षेत्र में पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ तथा अन्य विभागों द्वारा आपदा प्रबंधन संबंधी मॉकड्रिल आयोजित की जा रही थी। राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया जा रहा था तथा घायलों के उपचार के लिए अस्थायी राहत केंद्र भी बनाया गया था। इसी दौरान कोसी नदी के पार स्थित सिमलखा गांव निवासी विशाल सिंह (17) पुत्र आनंद सिंह मॉकड्रिल देखने के लिए कार्यक्रम स्थल की ओर जा रहा था। बताया जाता है कि नदी पार करते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी के तेज बहाव में बह गया।


