नैनीताल । उत्तराखण्ड शासन के कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग द्वारा जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य सिविल सेवा (कार्यकारी शाखा) के सात अधिकारियों को पदोन्नत किया गया है।
राज्यपाल की स्वीकृति के बाद जारी इस आदेश के तहत इन अधिकारियों को साधारण श्रेणी वेतनमान (लेवल 10) से ज्येष्ठ वेतनमान (लेवल 11, ग्रेड पे 6600) में प्रोन्नति दी गई है। पदोन्नत होने वाले अधिकारियों में रविन्द्र सिंह, देवानन्द, हिमांशु कफल्टिया, गौरव पाण्डेय, जितेन्द्र वर्मा, कुमकुम जोशी और संदीप कुमार शामिल हैं।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सूची में उल्लिखित क्रमांक का अधिकारियों की पारस्परिक ज्येष्ठता से कोई संबंध नहीं है और वे अपनी वर्तमान तैनाती के पद पर ही इस प्रोन्नत वेतनमान का कार्यभार ग्रहण करेंगे।
अपर सचिव नवनीत पाण्डे द्वारा हस्ताक्षरित इस आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि इन सभी अधिकारियों की पदोन्नति उच्चतम न्यायालय और उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय, नैनीताल में लंबित विभिन्न एस.एल.पी. और अवमानना याचिकाओं में पारित होने वाले अंतिम निर्णयों के अधीन रहेगी।

इस संबंध में आदेश की प्रतिलिपियां महालेखाकार, संबंधित जिलाधिकारियों, कोषाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही तथा सूचना के लिए भेज दी गई है।


