नैनीताल । आरोही संस्था के मुख्यालय सतौली, प्यूडा में 10 वार्डों के लिये प्रस्तावित चिकित्सालय का शुक्रवार को विधिवत भूमि पूजन किया गया।
 इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि  मुक्तेश पंत और श्रीमती विनीता पंत द्वारा आरोही के अध्यक्ष डॉ. कर्नल चंद्र शेखर पंत वी.एस.एम., अधिशासी निदेशक डॉ. पंकज तिवारी तथा अन्य अतिथियों और स्थानीय  लोगों की उपस्थिति में किया गया।
श्री शुक देव पंत चिकित्सालय पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य समस्याओं के निदान हेतु एक सकारात्मक पहल है। संस्था के अध्यक्ष ने मुख्य अतिथि द्वारा प्रदान किए गए वित्तीय सहयोग की सराहना करते हुए मुख्य अतिथि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि निकट भविष्य में संस्था को आयुष्मान योजना से जोड़ने के लिए उत्तराखंड सरकार के स्वास्थ्य और चिकित्सा विभाग से संपर्क स्थापित किया जाएगा। प्रस्तावित चिकित्सालय के संचालन के बाद विभिन्न प्रकार की सर्जरी सेवाओं की संख्या में वृद्धि होगी और स्थानीय लोगों को और बेहतर स्वास्थ्य सेवा प्राप्त हो सकेगी। वर्तमान में आरोही आरोग्य केंद्र 24 घंटे, सातों दिन चिकित्सा सेवाएँ संचालित करता है। नए चिकित्सालय में 4 पुरुष जनरल वार्ड, 4 महिला वार्ड और 2 प्राइवेट वार्ड होंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री मुक्तेश पंत द्वारा परिसर में पौधरोपण किया गया। सभा को संबोधित करते हुए, उन्होंने क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों, स्वास्थ्य, शिक्षा और आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में आरोही की उपलब्धियों की सराहना की और भविष्य में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उनका यह संबोधन कुमाऊँनी भाषा में था। उन्होंने अपने कुमाऊँनी भाषा संबोधन में जन समुदाय और आरोही संस्था का आभार व्यक्त किया।
संस्था के अधिशासी निदेशक डॉ. पंकज तिवारी ने संस्था द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों और भविष्य में योजनाओं की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि मुख्य अतिथि का जन्म जनपद अल्मोड़ा में हुआ और प्रारंभिक शिक्षा जनपद नैनीताल से प्राप्त की तथा उच्च शिक्षा आई आई टी कानपुर से पूरी की। संस्था के सचिव  गोपाल नेगी द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत किया गया और आरोही बाल संसार के बच्चों द्वारा इस अवसर पर रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर आरोही के शुभचिंतक और स्थानीय जन प्रतिनिधि तथा महिला समूहों की महिलाएं भी उपस्थित रहीं।

By admin

"खबरें पल-पल की" देश-विदेश की खबरों को और विशेषकर नैनीताल की खबरों को आप सबके सामने लाने का एक डिजिटल माध्यम है| इसकी मदद से हम आपको नैनीताल शहर में,उत्तराखंड में, भारत देश में होने वाली गतिविधियों को आप तक सबसे पहले लाने का प्रयास करते हैं|हमारे माध्यम से लगातार आपको आपके शहर की खबरों को डिजिटल माध्यम से आप तक पहुंचाया जाता है|

You cannot copy content of this page