खबर शेयर करें 👉

नैनीताल । नैनीताल में करीब 25 साल बाद हुए रिकॉर्ड हिमपात से आम जन जीवन ठहर सा गया है । यहां सड़कों बर्फ जमी होने से सैकड़ों वाहन जहां तहां फंस गए हैं । शहर में जगह जगह पेड़ टूटने से बिजली के तार जमीन में बिछे हैं जिससे करीब 36 घण्टे से विद्युत आपूर्ति ठप है । साथ ही जलापूर्ति भी बाधित हुई है । हिमपात का लुत्फ लेने आ रहे पर्यटक वाहन शहर से 3-4 किमी पहले ही रुक जा रहे हैं । वहां से पर्यटक पैदल नैनीताल आ रहे थे और तल्लीताल व माल रोड में बर्फवारी का लुत्फ लेने के बाद वापस लौट रहे थे ।
मल्लीताल शेरवानी के निकट मोहन पार्क में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुष्पा रावत पत्नी मोहन सिंह  के घर के ऊपर पेड़ गिरने से उनके घर में भारी नुकसान हुआ है । यहीं जितेंद्र बिष्ट की गौशाला व हरीश बिष्ट का आवास भी क्षतिग्रस्त हो गया है । संयोग से जानमाल का नुकसान होने से बच गया । इन घरों व गौशाला में गिरे देवदार के बड़े पेड़ को फायर ब्रिगेड व एस डी आर एफ की टीम ने वुडकटर मशीन से काटा । इधर शेरवानी साईं मन्दिर के समीप पेड़ की शाखाओं के टूटकर सड़क के किनारे खड़ी गाड़ियों के ऊपर गिरने से दो महंगी कारें क्षतिग्रस्त हो गई । यहां पर बिजली की लाइनें टूटकर सड़क में गिरी हुई हैं ।इसके अलावा शहर में सैकड़ों पेड़ टूटे हुए हैं और बिजली की लाइनें जगह जगह टूट गई हैं ।
यहां माल रोड सहित शहर में जगह जगह बड़ी संख्या में वाहन फंसे हुए हैं । शहर के भीतर यातायात ठप होने आज दूध,अखबार,सब्जी जैसे आवश्यक वस्तुओं का वितरण नहीं हो सका । भारी हिमपात के बाद बाजार में सन्नाटा पसरा रहा और कई दुकानें बन्द रही ।

ALSO READ:  नैनीताल में दोपहिया वाहनों से प्रवेश शुल्क वसूलने पर रोक, शहरी विकास मंत्री राम सिंह कै ड़ा ने जारी किए निर्देश, विधायक सरिता आर्य सहित पार्टी के अन्य नेताओं ने किया आभार व्यक्त ।

You missed

You cannot copy content of this page