नैनीताल । राज्य आंदोलनकारी संघ के जिलाध्यक्ष गणेश बिष्ट के नेतृत्व में बुधवार को राज्य आंदोलनकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा । ज्ञापन में आंदोलनकारियों को क्षैतिज आरक्षण देने, छूट गए आंदोलनकारियों का चिन्हीकरण करने व सभी आंदोलनकारियों को एक समान 15 हजार रुपये सम्मान पेंशन देने की मांग की गई है । यह ज्ञापन अपर जिलाधिकारी प्रशासन फिंचा राम चौहान को सौंपा गया ।
बुधवार को नैनीताल व आसपास के आंदोलनकारी कलक्ट्रेट पहुंचे और उन्होंने अपनी विभिन्न मांगों से सम्बंधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को दिया । ज्ञापन में कहा गया है कि राज्य आंदोलनकारियों को 10 फीसदी क्षैतिज आरक्षण देने हेतु मुख्यमंत्री व संसदीय कार्य मंत्री ने विधान सभा का विशेष सत्र बुलाने का आश्वासन दिया था । लेकिन सरकार ने यह वायदा पूरा नहीं किया । जिस पर रोष व्यक्त किया गया है ।
यह ज्ञापन जिलाध्यक्ष गणेश बिष्ट के नेतृत्व में कंचन चन्दोला,पान सिंह सिजवाली,लक्ष्मी नारायण लोहनी,हरेंद्र सिंह बिष्ट,दीवान सिंह कनवाल,चन्दन सिंह कनवाल,लीला बोरा,पार्वती मेहरा,वीरेंद्र जोशी,महेश जोशी,मुनीर आलम,हरगोविंद रावत, गेठिया के पूर्व प्रधान पी एस बोरा आदि द्वारा दिया गया ।


