भिक्यासैंण क्षेत्र में विगत रात्रि हुए सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई ।
जानकारी के अनुसार आज 07 मई 2026 को डायल 112 पर सूचना मिली कि भाटिया-भिकियासैंण के पास सड़क पर वाहन संख्या यू के04एफ6683 की नंबर प्लेट और एक घायल व्यक्ति पड़ा हुआ है, जबकि वाहन मौके पर दिखाई नहीं दे रहा। आशंका जताई गई कि वाहन खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही थाना भतरौजखान पुलिस, 108 सेवा, एस डी आर एफ, आपदा प्रबंधन और राजस्व विभाग की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं।
मौके पर पहुंची टीमों ने सर्च ऑपरेशन चलाया तो वाहन करीब 150 मीटर नीचे गहरी खाई में क्षतिग्रस्त अवस्था में मिला। कठिन रेस्क्यू अभियान के बाद वाहन में सवार तीन लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।
मृतकों में भुवन पुत्र दीवान राम निवासी ग्राम सनेटी तहसील रानीखेत तथा कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम निवासी ग्राम दौड़ाखाल तहसील रानीखेत उम्र 32 वर्ष की पहचान हो चुकी है। तीसरे मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
पुलिस के अनुसार तीनों व्यक्ति जागरी का कार्य करते थे और ग्राम चमोली पुसैला में जागर कार्यक्रम संपन्न कराने के बाद देर रात अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
पुलिस ने तीनों शवों को रेस्क्यू कर मोर्चरी रानीखेत भिजवा दिया है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।


