नैनीताल । उत्तराखंड हाईकोर्ट ने अधिवक्ता अधिनियम, 1961 की धारा 16 तथा “उत्तराखंड हाई कोर्ट (डिजिग्नेशन ऑफ सीनियर एडवोकेट्स) रूल्स, 2018” के तहत सात अधिवक्ताओं को वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में नामित करने की अधिसूचना जारी की है।
हाईकोर्ट प्रशासन की ओर से जारी अधिसूचना संख्या 221/UHC/Admin.A/2026 दिनांक 29 मई 2026 के अनुसार यह निर्णय न्यायालय की बैठक में लिए गए फैसले के आधार पर तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
जिन अधिवक्ताओं को वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में नामित किया गया है उनमें बी. डी. कांडपाल, आर. एस. सम्मल, लोकेंद्र डोभाल, अमित भट्ट, सत्येंद्र सिंह लिंगवाल, विजय भट्ट तथा जगजीत सिंह विर्क शामिल हैं। न्यायालय की ओर से जारी इस निर्णय को कानूनी क्षेत्र में महत्वपूर्ण माना जा रहा है तथा अधिवक्ताओं के लंबे अनुभव और न्यायिक योगदान को देखते हुए यह सम्मान प्रदान किया गया है।



