नैनीताल । नैनीताल की प्रतिष्ठित अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता पिछले कुछ वर्षों के व्यवधान के बाद इस वर्ष से पुनः आयोजित होगी । इस वर्ष प्रतियोगिता का 100 वाँ वर्ष है । जिसे भव्य रूप देने की टूर्नामेंट की आयोजक संस्था डी. एस. ए.द्वारा जोरदार तैयारी की जा रही है ।
इस टूर्नामेंट में भागीदारी के लिए अब तक देश भर की 32 टीमों की स्वीकृति मिल चुकी है और कुछ और टीमों की जल्दी स्वीकृति मिलने की संभावना है । टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 20 मई है । टूर्नामेंट 4 जून से शुरू होगा । जिसका समापन 24 जून को होगा ।
उल्लेखनीय है कि पहले कोविड काल व फिर खेल विभाग के साथ अनबन होने आदि कारणों से पिछले कुछ वर्षों से यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट नहीं हो सका था । लेकिन डी एस ए, के नए महासचिव मनोज जोशी व नई कार्यकारिणी ने प्रतियोगिता के पुनः आयोजन का निर्णय लिया और प्रतियोगिता के शताब्दी वर्ष को देखते हुए इसे भव्य रूप से आयोजित करने की तैयारी की है ।
टूर्नामेंट की तैयारियों के संबंध में शनिवार को डी एस ए, पदाधिकारियों ने पत्रकार वार्ता कर आयोजन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी । डी एस ए महासचिव मनोज जोशी ने बताया कि 4 जून को प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ होगा । उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की विजेता टीम को 1.50 लाख व उप विजेता को 1 लाख रुपए का नकद पुरुस्कार दिया जाएगा । अन्य पुरुस्कार राशियों में भी वृद्धि की गई है ।
हॉकी सचिव चंद्र लाल साह ने बताया कि अब तक 32 टीमों ने टूर्नामेंट में प्रतिभाग करने की स्वीकृति दे दी है । जिनमें पंजाब,हरियाणा,दिल्ली,महाराष्ट्र,मध्य प्रदेश,छत्तीसगढ़,राजस्थान, केरल, उत्तर प्रदेश के रामपुर,पीलीभीत,लखनऊ,दिल्ली की कई प्रमुख टीमें शामिल हैं । उन्होंने बताया कि हॉकी एसोसिएशन ऑफ इंडिया से इस अखिल भारतीय हॉकी टूर्नामेंट के आयोजन की मंजूरी ले ली गई है । बताया कि 4जून से 17 जून तक नॉक आउट मुकाबले और 18 जून से लीग मुकाबले होंगे ।
डी एस ए उपाध्यक्ष प्रो.डी एस बिष्ट के अलावा त्रिभुवन फर्त्याल, डॉ.मनोज बिष्ट ने ट्रेड्स कप के इतिहास की विस्तृत जानकारी दी ।
इधर फ्लैट मैदान का सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से जारी है और सभी आवश्यक कार्य इसी माह पूरे किए जाने का लक्ष्य रखा गया है ।
पत्रकार वार्ता में डी एस ए, उप सचिव खीमराज देऊपा, व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन नेगी, शैलेन्द्र बर्गली,पवन खनायत, धर्मेद्र शर्मा, डॉ.सन्तोष कुमार, हरीश जोशी, रवि जोशी, भारत मेहरा, एम सी उपाध्याय सहित अन्य सदस्य मौजूद थे ।


