खबर शेयर करें 👉
हल्द्वानी। सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की ट्रैप टीम ने नैनीताल जिले में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कांस्टेबल पर खनन सामग्री के परिवहन में अनावश्यक रोकटोक कर अवैध वसूली करने का आरोप है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने विजिलेंस के टोल-फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई थी कि वह सरकारी खनन पट्टे से आरबीएम (रिवर बेड मैटेरियल) का कार्य करता है। आरोप है कि थाना बेतालघाट में तैनात कांस्टेबल दीपक सिंह वाहनों को रोककर चालान और सीज करने की धमकी देता था तथा निर्बाध संचालन के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था।
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने मामले की प्रारंभिक जांच की, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद थाना सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर ट्रैप टीम गठित की गई।
योजना के तहत कार्रवाई करते हुए विजिलेंस टीम ने आरोपी कांस्टेबल को शिकायतकर्ता से 45 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक सिंह पुत्र खुशाल सिंह निवासी बिलहरी, चकरपुर, थाना कोतवाली खटीमा, जनपद ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है।
बताया गया कि आरोपी वर्तमान में थाना बेतालघाट, जनपद नैनीताल में तैनात था और हल्द्वानी में किराए के मकान में रह रहा था। विजिलेंस टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।

You missed

You cannot copy content of this page