नैनीताल । भीमताल के जून स्टेट क्षेत्र में गुलदार ने एक महिला को अपना शिकार बना दिया । महिला का शव आज सुबह जंगल मे क्षत विक्षत हालत में मिला । विगत दिवस हुई इस घटना के बाद भीमताल विधान सभा क्षेत्र में कुछ दिनों के भीतर ही 4 महिलाओं को गुलदार निवाला बना चुका है ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भीमताल के कुँआताल निवासी 60 वर्षीय महिला गंगा देवी पत्नी राजन लाल 2 फरवरी को सुबह जानवरों के लिये चारा लेने गांव के निकट ही जंगल गई । लेकिन शायं तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने ढूंढ खोज शुरू की साथ ही वन विभाग को भी सूचना दी । रात में घना अंधेरा होने के कारण मंगलवार की सुबह पुनः खोजबीन शुरू की तो जून स्टेट से सातताल को जाने वाले मार्ग में जंगल क्षेत्र में महिला का क्षत विक्षत शव बरामद हुआ । मृतका के कई हिस्से जानवर द्वारा खाये गए थे ।
घटना की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और ग्रामीण शव को सड़क में लाये । जिसके बाद सी एच सी भीमताल में महिला का पोस्टमार्टम किया । मौके पर वन विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे । विभाग द्वारा पीड़ित परिवार को मुवावजा देने की कार्यवाही की जा रही है । साथ ही वन विभाग द्वारा क्षेत्र पिंजड़ा लगाने व ट्रेप कैमरा लगाने की तैयारी की जा रही है ।
मृतका के दो पुत्र हैं । जबकि पुत्री की शादी हो गई है । इधर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और अपरान्ह में मृतका का रानीबाग में दाह संस्कार किया गया ।


