नैनीताल । नैनीताल जिला कार्यालय परिसर में सोमवार को सुबह पार्किंग में खड़ी कार में नोटरी अधिवक्ता अधिवक्ता पूरन भाकुनी का खून से सना हुआ शव बरामद हुआ।
शव के पास पिस्टल और बोनट पर सुसाइड नोट देख पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है।
मिलनसार स्वभाव के अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी द्वारा आत्मघाती कदम उठाने से सभी स्तब्ध हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को कलेक्ट्रेट और जिला न्यायालय परिसर में सभी अधिवक्ता रोजाना की तरह कामकाज आए। पार्किंग से गुजर रहे अधिवक्ताओं ने एक वाहन के भीतर लॉन्ग व्यू कंपाउंड निवासी पूरन सिंह भाकुनी को खून से लथपथ पड़ा हुआ देखा। जिनके हाथ मे पिस्टल देख हड़कंप मच गया।
घटना की खबर लगते ही मौके पर अधिवक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को वाहन के बोनट से एक नोट भी बरामद हुआ है। जिसमें अधिवक्ता ने किसी बीमारी से परेशान होने की बात लिखी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है । अधिवक्ता भाकुनी की अभी कुछ माह पूर्व शादी हुई थी ।


