नैनीताल । भाजपा जिला कार्यकारिणी के सदस्य डॉ. भुवन चंद्र आर्य ने आज 15 मई 2026 को कुमाऊं विश्वविद्यालय के नैनीताल स्थित आईटीबीपी परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान आई टी बी पी,के शिक्षकों व छात्र छात्राओं ने परिसर को पूर्णतः शासन से वित्त पोषित कराए जाने की मांग की । जिसके बाद डॉ भुवन आर्य ने इस मांग को जायज बताते हुए शासन स्तर पर पैरवी करने का आश्वासन दिया है ।
इस दौरान उन्होंने शिक्षा विभाग और राज्य सरकार से मांग की कि वर्तमान में स्ववित्तपोषित मोड में चल रही इस व्यवस्था को समाप्त कर इसे पूर्ण रूप से सरकार द्वारा वित्तपोषित व्यवस्था में परिवर्तित किया जाए।
डॉ. आर्य ने कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों की भावनाओं और भविष्य को ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड सरकार को जल्द से जल्द इस दिशा में ठोस निर्णय लेना चाहिए।
डॉ. आर्य ने जोर देते हुए कहा कि वर्तमान में स्ववित्तपोषित व्यवस्था के कारण छात्रों पर लगातार बढ़ती फीस का भारी बोझ पड़ रहा है, जिससे गरीब, मध्यमवर्गीय और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चे उच्च शिक्षा से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा का मुख्य उद्देश्य हर बच्चे तक समान अवसर पहुँचाना होना चाहिए, न कि शिक्षा को आर्थिक स्थिति पर निर्भर बनाना। जब तक पूरी व्यवस्था को सरकारी संरक्षण और वित्त नहीं मिलता, तब तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना एक कठिन चुनौती बनी रहेगी।
निरीक्षण के दौरान डॉ. आर्य ने राज्य सरकार से छात्रों के हित को सर्वोपरि रखने का आग्रह किया ताकि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था मजबूत हो और युवाओं का भविष्य सुरक्षित रहे।
इस अवसर पर विभाग अध्यक्ष डॉ. अशोक उप्रेती, विनीता विश्वकर्मा, लक्ष्मण सिंह, डॉ. पुष्पा अधिकारी, डॉ. हेमा मेहरा, तेज प्रकाश जोशी, डॉ. सरोज शर्मा समेत भारी संख्या में छात्र-छात्राएं और स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में परिसर को पूर्ण सरकारी वित्तीय सहायता प्रदान करने की मांग का समर्थन किया।


