नैनीताल । भाजपा नेता अरविंद सिंह पडियार ने इंडेन एलपीजी गैस के वितरण की वर्तमान व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन और कुमाऊं मंडल विकास निगम से इसमें सकारात्मक सुधार करने की मांग की है।
पडियार ने वर्तमान वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और पूर्व-सूचना के अभाव को रेखांकित करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को उचित जानकारी न होने के कारण भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि वितरण प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाया जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
पडियार के अनुसार, वर्तमान में जब उपभोक्ता सिलेंडर लेने पहुंचते हैं, तब उन्हें वितरण तिथि और रोस्टर की जानकारी दी जाती है।
उन्होंने मांग की है कि विभाग अपने रोस्टर में इस व्यवस्था को पहले से ही स्पष्ट रूप से शामिल करे कि किस तिथि तक के बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को किस दिन सिलेंडर वितरित किया जाएगा। इस पूर्व-सूचना से उपभोक्ता केवल निर्धारित समय पर ही केंद्र पहुंचेंगे, जिससे उन्हें तपती धूप में घंटों लंबी लाइनों में खड़ा होकर अपना समय बर्बाद नहीं करना पड़ेगा और उन्हें अनावश्यक शारीरिक व मानसिक श्रम से भी निजात मिलेगी।
इसके साथ ही, उन्होंने कमर्शियल सिलेंडरों के वितरण को लेकर भी महत्वपूर्ण सुझाव दिया है। उन्होंने अनुरोध किया कि कमर्शियल सिलेंडरों की वितरण व्यवस्था को पूर्व की भांति सुचारू किया जाए और उन्हें बाजार में ही उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने विशेष रूप से नारायणनगर जैसी दूरी तय करने की बाध्यता को समाप्त कर पुराने ढर्रे पर वितरण प्रणाली लागू करने की अपील की है।


