नैनीताल । उत्तराखंड उच्च न्यायालय के अधिवक्ताओं ने सिखों के पांचवें गुरु श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी गुरुपर्व के अवसर पर उच्च न्यायालय बार कैंटीन में श्रद्धापूर्वक छबील (मीठे शरबत) लंगर का आयोजन किया।

इस अवसर पर अधिवक्ताओं, वादकारियों तथा न्यायालय परिसर में मौजूद लोगों को शरबत वितरित कर गुरु साहिब के बलिदान, सेवा और मानवता के संदेश का स्मरण किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. एम. एस. पाल, वरिष्ठ अधिवक्ता आर. एस. सम्मल, डी. सी. एस. रावत, उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सौरभ अधिकारी, यूकेएचसी के सचिव अमनजोत सिंह चड्ढा, निखिल सिंघल, विकास गुगलानी सहित अनेक अधिवक्ताओं ने सहभागिता की। सभी ने गुरु अर्जुन देव जी के अद्वितीय बलिदान को मानवता, सहिष्णुता और धर्म की रक्षा का सर्वोच्च उदाहरण बताते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर अनमोल संधू, विकास आनंद, गुरबानी सिंह, सुखवानी सिंह, हर्षपाल सेखों, मानसी उप्पल, बलविंदर सिंह कंबोज, सूरज सिंह, दिग्विजय सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्द, सेवा और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुआ तथा उपस्थित लोगों ने गुरु साहिब के बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया।


