नैनीताल । मुख्य शिक्षा अधिकारी नैनीताल गोविंद राम जायसवाल ने समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारियों को प्री बोर्ड परीक्षाओं के सम्पादन के सम्बंध में व्यापक दिशा निर्देश जारी किए हैं ।
सी ई ओ ने कहा है कि “निदेशक, माध्यमिक शिक्षा उत्तराखण्ड देहरादून के द्वारा निर्गत शैक्षिक पंचाग के अनुसार शैक्षिक सत्र-2025-26 वार्षिक परीक्षा पूर्व निर्धारित तैयारी हेतु हाईस्कूल / इण्टरमीडिएट की प्री-बोर्ड परीक्षा जनवरी 2026 एवं फरवरी माह तक आयोजित किये जाने हेतु निर्देशित किया गया है।”
परिषदीय परीक्षा वर्ष-2026 की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट की परीक्षा 21 फरवरी 2026 से 20 मार्च 2026 तक सम्पन्न की जानी है। परीक्षा के निर्धारित कार्यक्रम जारी होने के कारण प्री-बोर्ड परीक्षा-2026 हेतु आपको निर्देशित किया जाता है कि आप अपने विकासखण्डों के समस्त प्रधानाचार्यो / प्रधानाध्यापकों को विद्यालय स्तर पर प्रश्न पत्र निर्माण कर गीष्मकालीन अवकाश वाले विद्यालयो में जनवरी 2026 के तृतीय एवं चतुर्थ सप्ताह में एवं शीतकालीन अवकाश वाले विद्यालयों में फरवरी के प्रथम एवं द्वितीय सप्ताह में प्री-बोर्ड परीक्षाऐं सम्पादित किये जाने हेतु निर्देशित करना सुनिश्चित करे, ताकि परीक्षार्थी परिषदीय परीक्षा में पूर्ण तैयारी के साथ परीक्षाये दे पाये।
प्री-बोर्ड परीक्षाफल घोषित होने के उपरान्त सम्बन्धित विषयाध्यापक द्वारा कमजोर छात्र-छात्राओं का उपचारात्मक शिक्षण का कार्य परिषदीय परीक्षा के निर्धारित कार्यक्रम से पूर्व नियमित किया जायेगा, ताकि छात्र-छात्रायें परिषदीय परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त कर सफल हो सके। इसके अतिरिक्त यह भी अवगत कराना है कि विगत वर्षों के हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परिषदीय परीक्षाओं के प्रश्न-पत्रों का संज्ञान लेते हुए विद्यालय स्तर पर आदर्श मॉडल प्रश्न पत्र तैयार कर विद्यार्थियों से हल कराये जाये। जिससे बच्चें आगामी परिषदीय परीक्षा में अच्छे परिणाम के साथ साथ जनपद एवं प्रदेश में सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर सके।



