खबर शेयर करें 👉
नैनीताल । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नैनीताल में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया ।
 मुख्यमंत्री धामी सुबह 9 बजे नैनीताल पहुंचे । जिसके बाद वे हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से मिले । उन्होंने पत्रकारों से वार्ता की और उसके बाद उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की ।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रधानमंत्री व राज्य सरकार पर की गई टिप्पणी का जोरदार पलटवार किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सहित देश में राहुल गांधी को कोई गंभीरता से नहीं लेता, राहुल को खुद भी पता नहीं है कि वह कब और क्या बोलते हैं।  सालों पहले से लांचिंग, री लांचिंग के बाद भी राहुल गांधी लांच नहीं हो पा रहे हैं।
नैनीताल क्लब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी व कांग्रेस पार्टी ने सर्जिकल स्ट्राइक, ऑपरेशन सिंदूर  पर सेना के साहस, पराक्रम व शौर्य पर सवाल उठाए, उन्होंने विदेशों में भारत की छवि धूमिल करने का प्रयास किया।  देश के पहले सीडीएस विपिन रावत व सेना  के बारे में अमर्यादित टिप्पणी की।राजनीति में राहुल गांधी की विश्वनीयता खत्म हो गई है। मुख्यमंत्री ने कैंची धाम सहित चारधाम में जाम की समस्या को चुनौती बताते हुए कहा कि कैंची धाम के लिए भवाली बाईपास का निर्माण हो चुका है, दूसरे बाईपास का काम अंतिम चरण में है। सरकार का प्रयास है कि कैंची धाम के जाम की समस्या का समाधान कर रानीखेत, कौसानी जाने वाले पर्यटकों, स्थानीय टैक्सी चालकों व व्यवसायियों की समस्याओं का समाधान हो।
मुख्यमंत्री ने नैनीताल क्लब में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव में अभी से जुट जाने का आह्वान किया। सीएम ने कार्यकर्ताओं से जनता से संवाद निरंतर बनाये रखने व उनके दुःख दर्द में शामिल होने का आह्वान भी किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं की ओर से उठाई समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया। जोड़ा की संगठन की हर कार्यकर्ता पर नजर है। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट,  दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्य,नगर अध्यक्ष नितिन कार्की, विधायक सरिता आर्य, जिला उपाध्यक्ष दयाकिशन पोखरिया, विनीत अग्रवाल, साकेत अग्रवाल, मंडी परिषद अध्यक्ष डॉ .अनिल डब्बू, हुकुम सिंह कुंवर, नवीन वर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

You missed

You cannot copy content of this page