देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने राज्य की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और प्रशासनिक कार्यकुशलता बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों का एक बड़ा तबादला किया है। शासन के गृह अनुभाग-1 द्वारा संयुक्त सचिव विक्रम सिंह राणा के हस्ताक्षरों से जारी इस नवीनतम आदेश के तहत कई वरिष्ठ पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से जनहित और कार्यहित में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सरकार के इस कदम से पुलिस महकमे में व्यापक बदलाव देखने को मिल रहा है।
जारी आदेश के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक स्तर पर बड़े फेरबदल किए गए हैं। इसमें श्रीमती विम्मी सचदेवा को पुलिस महानिरीक्षक (दूरसंचार/फायर सर्विस) की नई जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कुमाऊं परिक्षेत्र (नैनीताल) की आईजी श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल को अब पुलिस महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था/CCTNS/SCRB) बनाया गया है। वहीं, श्री सुनील कुमार मीणा को पुलिस महानिरीक्षक (कार्मिक, PAC/सचिव पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड) के पद पर तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त, श्रीमती निवेदिता कुकरेती कुमार को अब कुमाऊं परिक्षेत्र, नैनीताल का नया पुलिस महानिरीक्षक (IG) नियुक्त किया गया है, और श्री योगेन्द्र सिंह रावत को पुलिस महानिरीक्षक, SDRF की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
महानिरीक्षक स्तर के साथ-साथ जिला और वाहिनी स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (कुम्भ मेला-2027, हरिद्वार) श्री आयुष अग्रवाल को 40वीं वाहिनी पीएसी, हरिद्वार का सेनानायक बनाया गया है, जबकि श्री हरीश वर्मा को सेनानायक, आई.आर.बी. प्रथम रामनगर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, श्री अमित श्रीवास्तव-I को पुलिस अधीक्षक (सीआईडी, देहरादून) और श्री जितेन्द्र चौधरी को पुलिस अधीक्षक (अपराध एवं यातायात, देहरादून) के पद पर स्थानांतरित किया गया है। शासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को बिना किसी विलंभ के तत्काल अपना नया कार्यभार ग्रहण करने और इसकी प्रति पुलिस महानिदेशक के माध्यम से शासन को उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।
सूची –:




