नैनीताल । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में पूर्व अपर सचिव आर.सी. लोहनी द्वारा लिखित पुस्तक ‘सेवा विधि’ का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पुस्तक के माध्यम से सरकारी सेवा से जुड़े नियमों, प्रक्रियाओं और शासनादेशों की पूरी जानकारी अब एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए नियमों की सही जानकारी को अनिवार्य बताते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और पूरे समर्पण के साथ राज्य के विकास में अपनी सहभागिता निभाएं।

पुस्तक के लेखक पूर्व अपर सचिव आर.सी. लोहनी ने जानकारी दी कि अब तक सरकारी सेवाओं से जुड़े नियमों और न्यायिक सिद्धांतों को एक साथ ढूंढना एक बड़ी चुनौती थी। इस पुस्तक में संवैधानिक प्रावधानों, अधिनियमों, नियमों, विनियमों और शासनादेशों के साथ-साथ सुप्रीम कोर्ट व हाई कोर्ट के महत्वपूर्ण निर्णयों को एक ही जगह व्यवस्थित रूप से संकलित किया गया है।
विमोचन के इस विशेष मौके पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, पूर्व अपर सचिव भूपेश तिवारी, जी.बी. ओली, पूर्व संयुक्त सचिव नवीन सिंह, उपायुक्त परिवहन सुनील शर्मा,पी सी वर्मा,दीपक जोशी,रणधीर अरोरा, पूरन सिंह रावत,अश्वनी, आर सी एस रावत विकास श्रीवास्तव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


