नैनीताल । उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के संयुक्त तत्वाधान में गुरुवार को सूखाताल में एक वृहद् स्वच्छता अभियान तथा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सफाई अभियान के दौरान भारी मात्रा में बिखरा हुआ कूड़ा, जैसे प्लास्टिक कचरा, कांच एवं प्लास्टिक की बोतलें और अन्य गैर-जैव अपघटनीय सामग्री को एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया गया।
उच्च न्यायिक सेवा के अधिकारी व उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव प्रदीप मणि त्रिपाठी ने कार्यक्रम के दौरान सूखाताल झील की दयनीय स्थिति और पर्यावरणीय क्षरण पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि झील की बदहाली और प्रशासनिक उपेक्षा को देखते हुए 30 जून 2026 को ही अधिशाषी अधिकारी, नगरपालिका नैनीताल को एक आधिकारिक पत्र प्रेषित किया गया था, जिसकी प्रति जिलाधिकारी नैनीताल को भी भेजी गई थी। इस पत्र के माध्यम से सूचित किया गया था कि स्वयं किए गए कई निरीक्षणों में झील के चारों ओर बने पैदल मार्ग पर भारी मात्रा में कचरा बिखरा पाया गया, जिससे यहाँ की स्वच्छता व्यवस्था अत्यंत असंतोषजनक दिखी। इसके अलावा, आगंतुकों के लिए लगाई गई सार्वजनिक बेंचों का उपयोग शाम के समय असामाजिक तत्वों द्वारा शराब और मादक पदार्थों के सेवन के लिए किए जाने की गंभीर शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सूखाताल झील की वर्तमान स्थिति उन जिम्मेदार प्राधिकारियों के वैधानिक दायित्वों पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है, जिन्हें इसके संरक्षण का जिम्मा सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि वॉकिंग ट्रैक, प्रकाश व्यवस्था और बैठने जैसी नागरिक सुविधाओं पर जनता की गाढ़ी कमाई का पर्याप्त धन व्यय हुआ है, लेकिन प्रशासनिक निष्क्रियता और प्रभावी निरीक्षण के अभाव में इन परिसंपत्तियों को नष्ट होने नहीं दिया जा सकता। जहाँ भी कर्तव्यहीनता या लापरवाही पाई जाएगी, वहाँ संबंधित अधिकारियों या एजेंसियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्यवाही और उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाना अत्यंत आवश्यक है। इसी क्रम में कार्यपालक अध्यक्ष, उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के आदेशानुसार इस अभियान को अमलीजामा पहनाया गया, जहाँ सभी उपस्थित जनों ने “ना गंदगी करेंगे, ना किसी को करने देंगे” का सामूहिक संकल्प लिया।
इस व्यापक जन-अभियान में पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ स्वच्छता के पश्चात बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में हर्ष यादव (विशेष कार्य अधिकारी सालसा), पारुल थपलियाल (सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल), पालिकाध्यक्ष डॉ .सरस्वती खेतवाल,रोहिताश (अधिशाषी अधिकारी, नगर पालिका नैनीताल) भी मौजूद रहे। अभियान में मोहन लाल साह बालिका विद्या मन्दिर, भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय, के.एल. साह नगर पालिका ट्रस्ट बालिका इंटर कालेज एशडेल, अटल उत्कृष्ट आदर्श राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तल्लीताल, और शहीद मेजर राजेश अधिकारी राजकीय इंटर कॉलेज तल्लीताल के कुल 350 छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। इसके साथ ही, नगर पालिका के स्वच्छक कर्मचारियों, वन विभाग नैनीताल के कर्मियों, जिले के समस्त पी.एल.वी. (पैरा लीगल वॉलिटियर्स) / अधिकार मित्रों और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समस्त कर्मचारीगणों ने इस अभियान में हिस्सेदारी की ।


