नैनीताल । उत्तराखंड अशासकीय प्रधानाचार्य परिषद जिला नैनीताल के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिले के नवनियुक्त मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) श्री रणजीत सिंह नेगी से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान शिष्टमंडल के सदस्यों ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और नए कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
भेंट वार्ता के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने आशा व्यक्त की कि श्री नेगी के कुशल मार्गदर्शन में जिले की शिक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। साथ ही, अशासकीय विद्यालयों के सामने आ रही विभिन्न प्रशासनिक व शैक्षणिक समस्याओं का त्वरित और सकारात्मक समाधान होगा। शिष्टमंडल ने विद्यालयों के विकास में हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री रणजीत सिंह नेगी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि विभाग द्वारा विद्यालयों को पूरा सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों से अपील की कि वे और अधिक उत्साह व ऊर्जा के साथ विद्यालयों के उन्नयन और छात्र हित में समर्पित होकर कार्य करें।
इस शिष्टाचार भेंट में परिषद के महासचिव भगवान सिंह सामंत, मनोज कुमार पाण्डे, बिशन सिंह मेहता, श्रीमती तारा बोरा, श्रीमती शबनम अहमद, श्रीमती सीमा बर्गली, श्रीमती फरहत, श्रीमती पुष्पा गोस्वामी और नरेन्द्र कोरंगा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।


