नैनीताल । डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन, नैनीताल द्वारा आयोजित “प्रथम ज़िला स्तरीय कैरम टूर्नामेंट – 2026” (स्व० श्री प्रताप सिंह मौनी अधिवक्ता स्मृति) के 12 वें दिन बार हॉल में सिंगल्स श्रेणी के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले संपन्न हुए, जिसके बाद फाइनल की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है।
सिंगल्स सेमीफाइनल परिणाम: आज खेले गए पहले सेमीफाइनल के बेहद रोमांचक और कांटे की टक्कर वाले मुकाबले में चंद्रप्रकाश ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए गौरव को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला देर रात्रि तक चला, जिसमें श्री मुकेश चंद्रा ने उत्कृष्ट और सधे हुए खेल का प्रदर्शन करते हुए यशपाल आर्या को शिकस्त देकर फाइनल का टिकट कटाया।
अनिल बिष्ट व मोहम्मद दानिश ने निभाई निर्णायक की भूमिका: देर रात तक चले इन हाई-वोल्टेज और सांस रोक देने वाले मैचों में श्री अनिल बिष्ट एवं श्री मोहम्मद दानिश ने मुख्य निर्णायक (रेफरी) की अत्यंत महत्वपूर्ण और निष्पक्ष भूमिका निभाई।
कल (19 जून) होंगे महा-मुकाबले: कल टूर्नामेंट का अंतिम और सबसे बड़ा दिन है, जहाँ दोनों श्रेणियों के खिताबी मैच खेले जाएंगे:
प्रथम फाइनल (सिंगल्स): मुकेश चंद्रा और चंद्रप्रकाश के मध्य खिताब के लिए भिड़ंत होगी।
द्वितीय फाइनल (डबल्स): स्पोर्ट्स सेक्रेटरी डी.एस. दानू व हंसराज सिजवाली की जोड़ी का मुकाबला तस्लीम व पंकज कुमार की जोड़ी से होगा।
आज मैचों के दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अरुण बिष्ट, स्पोर्ट्स सेक्रेटरी श्री डी.एस. दानू सहित समस्त कार्यकारिणी पदाधिकारी, सदस्य और भारी संख्या में वरिष्ठ अधिवक्ता मौजूद रहे, जिन्होंने देर रात तक तालियां बजाकर खिलाड़ियों का जबरदस्त उत्साहवर्धन किया।
पुरुस्कार वितरण समारोह के अतिथि संघ के संरक्षक जिला जज प्रशांत जोशी व कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत होंगे ।


