नैनीताल ।
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के ताड़ीखेत के मूल निवासी डा० हेम चन्द्र पांडे को उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (हरिद्वार) का सदस्य नियुक्त किया गया है।
उत्तराखंड शासन के कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-04 के अपर सचिव ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) के निर्देश पर डा० पांडे को सदस्य नियुक्त करने का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। डा० पांडे वर्तमान में हल्द्वानी में निवास करते हैं और बिड़ला संस्थान भीमताल में एप्लाइड साइंसेज और ह्यूमैनिटीज विभाग के विभागाध्यक्ष तथा रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत हैं। उनके पिता श्री रमेश चन्द्र पांडे एक सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य हैं, जबकि उनकी पत्नी माध्यमिक शिक्षा परिषद कार्यालय रामनगर में शोध अधिकारी के पद पर सेवाएं दे रही हैं। इस गौरवमयी उपलब्धि से उनके परिवार व पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।

डा० पांडे एक कुशल शिक्षक और कुशल प्रशासक होने के साथ-साथ उच्च स्तर के वैज्ञानिक भी हैं। उन्होंने कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल से भौतिकी में एम.एससी. करने के बाद इंडो-जर्मन अकादमिक एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत कान्स्टेन्ज विश्वविद्यालय जर्मनी और कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल से संयुक्त रूप से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। उनके उत्कृष्ट शोध कार्यों को देखते हुए वर्ष 2000 में भारत सरकार के वैज्ञानिक और अनुसंधान परिषद (CSIR) द्वारा उन्हें ‘वरिष्ठ शोध फेलोशिप अवार्ड’ प्रदान किया गया था। इसके बाद शैक्षणिक और अनुसंधान क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ते हुए उन्हें वर्ष 2002 में जर्मन सरकार द्वारा ‘डाड फेलोशिप अवार्ड’ (DAAD), वर्ष 2005 में भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) द्वारा ‘यंग साइंटिस्ट अवार्ड’ और वर्ष 2008 में पुनः जर्मन सरकार द्वारा ‘वरिष्ठ डाड फेलोशिप अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
डा० पांडे ने जर्मनी के सुप्रसिद्ध कान्स्टेन्ज विश्वविद्यालय में अपने शोध कार्य को आगे बढ़ाया है और उनके कई महत्वपूर्ण शोध-पत्र राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं (जर्नल्स) में प्रकाशित हो चुके हैं।


