नैनीताल । नैनीताल के समीपवर्ती बगड़ क्षेत्र में 76 वर्षीय बुजुर्ग ने अज्ञात कारणों के चलते कीटनाशक गटक लिया। हालात बिगडऩे पर देर रात स्वजन उसे लेकर नैनीताल स्थित राजकीय बीडी पांडे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामे व पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बगड़ निवासी गोधन सिंह के पड़ोस में गुरुवार को विवाह समारोह था। दोपहर में समारोह में शामिल होने के बाद वह देर शाम घर पहुंचे। रात खाना खाने के बाद वह कमरे में सोने चले गए। देर रात अचानक उनकी तबियत बिगड़ गयी। बिस्तर के समीप ही कीटनाशक की खाली बोतल देख स्वजनों के भी हाथ पांव फूल गए। आनन फानन उन्हें बीडी पांडे अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक हेम चंद्र पंत ने बताया कि पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


