नैनीताल । नगर के प्रतिष्ठित गोल्फ मैदान में आयोजित ‘गवर्नर कप इंटर स्कूल गोल्फ टूर्नामेंट 2026’ का शानदार समापन हुआ। 01 मई 2026 को घोषित परिणामों के अनुसार, बालकों के वर्ग में सेंट जोसेफ कॉलेज, नैनीताल ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए ओवरऑल विनर का खिताब अपने नाम किया। वहीं, बालिकाओं के वर्ग में ऑल सेंट्स कॉलेज, नैनीताल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल विजेता की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। बालकों में लॉन्ग व्यू पब्लिक स्कूल और बालिकाओं में सेंट मैरीज कॉन्वेंट कॉलेज उपविजेता (रनर-अप) रहे।

प्रतियोगिता के व्यक्तिगत मुकाबलों में विभिन्न आयु वर्गों में कड़ी टक्कर देखने को मिली। बालिका वर्ग के ‘अंडर-12′ में रितिका भट्ट और ’12 से 16 वर्ष’ आयु वर्ग में याना त्यागी ने बाजी मारी, जबकि ’16 से 18 वर्ष’ वर्ग में एकता सिंह विजेता रहीं। बालक वर्ग में ‘अंडर-12′ में रुशांक सिजवाली, ’12 से 16 वर्ष’ में रुबिन बजाज और ’16 से 18 वर्ष’ आयु वर्ग में कृष्णम विनायक ने पहला स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
विशेष उपलब्धियों की श्रेणी में सेंट मैरीज कॉन्वेंट की छात्राओं ने अपना दबदबा बनाए रखा। एकता सिंह को प्रतियोगिता में सर्वाधिक ‘बर्डीज’ (Max Birdies) मारने के लिए सम्मानित किया गया, जबकि याना त्यागी ने सर्वाधिक ‘पार्स’ (Max Pars) का विशेष पुरस्कार जीता। इस टूर्नामेंट ने न केवल स्थानीय स्कूलों के बीच खेल भावना को बढ़ावा दिया, बल्कि युवा गोल्फरों को एक बड़ा मंच भी प्रदान किया। टूर्नामेंट के अंत में सभी विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस टूर्नामेंट में शहर के 9 विद्यालयों ने प्रतिभाग किया।
इससे पूर्व खिलाड़ियों को 15 दिन का प्रशिक्षण गोल्फ कप्तान कर्नल विवेक भट्ट के निर्देशन में टीकम कुमार, अमित कुमार एवं पंकज पालीवाल द्वारा दिया गया। जिसमें बालक, बालिकाओं ने संयुक्त रूप से प्रतिभाग किया।
पुरस्कार वितरण कार्यक्रम एसएसपी डॉ मंजूनाथ टीसी मुख्य अतिथि, जाने माने खिलाड़ी जफर इकबाल,नगरपालिका अध्यक्ष डॉ .सरस्वती खेतवाल, अनूप शाह तथा वाइस प्रिंसिपल शेरवुड कॉलेज द्वारा किया गया।
इस पहल का उद्देश्य राज्यपाल/अध्यक्ष लोक भवन गोल्फ क्लब की भावना के अनुसार उन बच्चों को गोल्फ में अवसर प्रदान करना है जो आर्थिक कारणों से इस प्रतिष्ठित खेल में भाग नहीं ले पाते।
उत्तर भारत में स्कूली स्तर पर गोल्फ खेल के स्तर को बढ़ावा देगा, बल्कि नई प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहित करेगा।


