देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूके एस एस एस सी) ने प्रशिक्षक संवर्ग की भर्ती से जुड़ा महत्वपूर्ण चयन परिणाम जारी कर दिया है। आयोग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, वर्ष 2024 में निकाली गई भर्ती के तहत कुल 370 पदों के लिए लिखित प्रतियोगी परीक्षा 20 नवंबर से 14 दिसंबर 2024 के बीच आयोजित की गई थी।
इस भर्ती प्रक्रिया पर पूर्व में न्यायिक कार्यवाही के चलते रोक लग गई थी। उच्च न्यायालय, उत्तराखंड में दायर याचिका संख्या 2156/2024 समेत अन्य संबंधित याचिकाओं के कारण परिणाम को स्थगित रखा गया था। बाद में न्यायालय द्वारा 19 नवंबर 2024 एवं 20 नवंबर 2025 के आदेशों के अनुपालन में आयोग ने आवश्यक कार्यवाही आगे बढ़ाई।
आयोग ने अभ्यर्थियों से NCIC (नेशनल क्राफ्ट इंस्ट्रक्टर सर्टिफिकेट) प्रमाण-पत्र की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अवसर भी प्रदान किया। इसके तहत अभ्यर्थियों को 23 नवंबर से 26 नवंबर 2025 तक ऑनलाइन पोर्टल पर अपने प्रमाण-पत्र अपलोड करने का मौका दिया गया। निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रमाण-पत्र अपलोड न करने वाले अभ्यर्थियों को अपात्र माना गया।
इसके बाद विभिन्न याचिकाओं पर 23 अप्रैल 2026 को उच्च न्यायालय द्वारा अंतिम निर्णय सुनाया गया, जिसमें सभी संबंधित याचिकाओं को खारिज कर दिया गया। न्यायालय के इस फैसले के बाद आयोग ने चयन प्रक्रिया को पुनः गति देते हुए आगे की कार्रवाई शुरू की।
आयोग ने अब लिखित परीक्षा के आधार पर अभिलेख सत्यापन हेतु अस्थायी (प्रोविजनल) मेरिट सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी है। इस सूची में शामिल अभ्यर्थियों को सूचित किया गया है कि उनका अभिलेख सत्यापन 5 मई से 7 मई 2026 तक आयोग कार्यालय में आयोजित किया जाएगा।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह सूची अंतिम चयन परिणाम नहीं है। अभ्यर्थियों को सत्यापन के समय अपने सभी मूल दस्तावेज—शैक्षिक योग्यता, तकनीकी प्रमाण-पत्र, अनुभव प्रमाण-पत्र, खेल प्रमाण-पत्र एवं एनसीआईसी प्रमाण-पत्र—अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने होंगे। आयोग ने यह भी कहा है कि सत्यापन के बाद ही अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी और अभ्यर्थियों को वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहने की सलाह दी गई है।
आदेश -:



