नैनीताल। जिला खेल संघ (डीएसए) नैनीताल के तत्वावधान में आयोजित 103वीं लैन्डो लीग फुटबॉल प्रतियोगिता का मंगलवार को फ्लैट्स मैदान में रंगारंग शुभारंभ हो गया। इस प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक खेल आयोजन का उद्घाटन मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री मोहन पाठक और पूर्व सांसद महेंद्र पाल ने संयुक्त रूप से किया।
अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका हौसला बढ़ाया और कहा कि नैनीताल की यह ऐतिहासिक लीग युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए एक बेहतरीन मंच प्रदान करती रही है।
प्रतियोगिता के उद्घाटन के अवसर पर खेले गए एकमात्र मुकाबले में एलपीएस और डिस्ट्रॉय एफसी की टीमें आमने-सामने थीं। मैच की शुरुआत से ही एलपीएस के खिलाड़ियों ने मैदान पर अपना दबदबा बनाए रखा और प्रतिद्वंदी टीम को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। एलपीएस ने एकतरफा खेल दिखाते हुए डिस्ट्रॉय एफसी को 7-0 के भारी अंतर से शिकस्त देकर टूर्नामेंट में अपनी धमाकेदार शुरुआत की। एलपीएस की इस जीत के स्टार खिलाड़ी राहुल रहे, जिन्होंने शानदार कौशल का प्रदर्शन करते हुए अकेले ही 6 गोल दागे, जबकि साथी खिलाड़ी आर्यन ने 1 गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस अवसर पर डी एस ए महासचिव मनोज जोशी ने अतिथियों का स्वागत किया । उद्घाटन समारोह में भवाली नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष संजय वर्मा, प्रो. डीएस बिष्ट, चंद्र लाल साह, खीमराज देउपा, डॉ. मनोज बिष्ट, शैलेंद्र बर्गली, पवन खनायत, रवि जोशी, वीरेंद्र साह, हरीश जोशी, त्रिभुवन फर्त्याल, कमलेश ढौंडियाल, नितिन कार्की, दयाकिशन पोखरिया, संतोष साह, शैलेंद्र बिष्ट, जलज वर्मा, गौरव हार्पर, अरुण बिष्ट, नवीन भट्ट और उमेश मेहता सहित कई खेल प्रेमी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम और मैच का सफल संचालन दीपक कुमार और हर्षित अधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।


