नैनीताल । हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, नैनीताल ने उत्तराखंड बार काउंसिल के आगामी चुनावों की तारीख को आगे बढ़ाने के लिए एक औपचारिक अनुरोध पत्र चुनाव के लिये गठित हाई पावर कमेटी को भेजा है। वर्तमान कार्यक्रम के अनुसार, मतदान 4 फरवरी, 2026 को होना तय है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डी.सी.एस. रावत और महासचिव सौरव अधिकारी की ओर से लिखे गए इस पत्र में चुनाव समिति के अध्यक्ष से अपील की गई है कि मतदान की तिथि में बदलाव किया जाए ताकि सभी अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
एसोसिएशन का तर्क है कि 11 जनवरी से 8 फरवरी, 2026 तक हाईकोर्ट शीतकालीन अवकाश के कारण बंद रहेगा। ऐसी स्थिति में, बार एसोसिएशन के अधिकांश सदस्य 4 फरवरी को मतदान के लिए उपलब्ध नहीं हो पाएंगे। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यदि इस अवधि के बीच चुनाव कराए जाते हैं, तो कई अधिवक्ता अपने मौलिक लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित रह सकते हैं, जो चुनाव की निष्पक्षता और भागीदारी के खिलाफ होगा।
इसके अतिरिक्त, पत्र में पहाड़ी क्षेत्रों की विषम परिस्थितियों का भी उल्लेख किया गया है। एसोसिएशन ने बताया कि उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में स्थित सभी डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन भी 31 जनवरी, 2026 तक शीतकालीन अवकाश के कारण बंद हैं। इसे देखते हुए, यह अनुरोध किया गया है कि मतदान की तिथि 8 फरवरी के बाद किसी भी दिन तय की जाए, ताकि हाईकोर्ट और जिला अदालतों के सभी वकील सुचारू रूप से मतदान प्रक्रिया में शामिल हो सकें।
इस संदर्भ में मंगलवार को हाईकोर्ट बार सभागार में बार एसोसियशन के पदाधिकारियों व बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष डॉ. महेंद्र पाल ने पत्रकार वार्ता भी की । इस वार्ता में डॉ. पाल ने बताया कि हाई पावर कमेटी के अध्यक्ष व उत्तराखंड हाईकोर्ट के पूर्व कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश सेवानिवृत्त जज राजीव शर्मा 28 दिसम्बर को नैनीताल आएंगे । कहा कि उनके समक्ष इस मुद्दे को प्राथमिकता के साथ रखा जाएगा । उन्होंने मतदाता सूची में छूट गए अधिवक्ताओं के भी नाम शामिल करने की मांग की ।
इस वार्ता में हाईकोर्ट बार एसोसियशन के अध्यक्ष डी सी एस रावत,महासचिव सौरभ अधिकारी,वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुशील वशिष्ठ,भुवनेश जोशी,वी पी बहुगुणा आदि भी मौजूद थे ।


