नैनीताल । श्री सेवक सभा की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें आगामी श्री नन्दा देवी महोत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक की अध्यक्षता मनोज साह ने की तथा संचालन जगदीश बावड़ी द्वारा किया गया। बैठक के दौरान सभा के सक्रिय कार्यकर्ता आनंद बिष्ट को नैनीताल नगर पालिका का सरकार द्वारा मनोनीत सदस्य बनाए जाने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सभा के सदस्यों ने आनंद बिष्ट को नगर पालिका का सभासद मनोनीत किए जाने पर उनका शॉल ओढ़ाकर और राम दरबार भेंट कर अपनी शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
इस वर्ष श्री नन्दा देवी महोत्सव का भव्य आयोजन आगामी 16 सितंबर से 23 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। महोत्सव को सुचारू और भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों से सहयोग की अपील की गई और उनके बहुमूल्य सुझाव आमंत्रित किए गए, जिस पर सदस्यों ने कई सकारात्मक और रचनात्मक विचार साझा किए।
इसके साथ ही, सभा द्वारा हाल ही में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक का पूरा ब्यौरा भी सदन के सामने प्रस्तुत किया गया और महोत्सव की तैयारियों में प्रशासन के सहयोग के लिए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया गया। महोत्सव के अलावा बैठक में आगामी श्री रामलीला महोत्सव तथा विजयादशमी पर्व के आयोजनों को लेकर भी प्रारंभिक रूपरेखा पर चर्चा की गई, जबकि सावन माह के पवित्र अवसर पर आगामी 2 अगस्त को सभा द्वारा एक वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।
इस महत्वपूर्ण और निर्णायक बैठक में संस्था से जुड़े अनेक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। बैठक में मुख्य रूप से घनश्याम लाल साह, अशोक साह, राजेंद्र बिष्ट, बिमल चौधरी, बिमल साह, मुकेश जोशी, ललित साह, मनोज साह, हरीश राणा, मोहित लाल साह, हीरा सिंह, आशु बोरा, मिथिलेश पांडे, गिरीश भट्ट, हिमांशु जोशी, कमलेश ढौंडियाल, अमर साह, प्रदीप सिंह, अतुल साह, गोविंद सिंह, दीपक साह, गोधन सिंह, विक्रम साह तथा प्रोफेसर ललित तिवारी आदि उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने आगामी धार्मिक व सामाजिक कार्यों को पूरी एकजुटता और सेवा भाव के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया।


