नैनीताल। भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय नैनीताल की राष्ट्रीय सेवा योजना और एनसीसी इकाई के संयुक्त तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य बिशन सिंह मेहता के कुशल मार्गदर्शन में महान स्वतंत्रता सेनानी श्री देव सुमन की पावन स्मृति में टांकी बैंड और उसके आस-पास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। इस अभियान के तहत पर्यावरण के अनुकूल और स्थानीय पारिस्थितिकी को मजबूत करने वाले पांगड़, बांज और उत्तीस के पौधों का रोपण किया गया। वृक्षारोपण के साथ-साथ एनएसएस स्वयंसेवकों और एनसीसी कैडेट्स ने एक जनजागरूकता रैली भी निकाली, जिसके माध्यम से स्थानीय जनसमुदाय को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों के महत्व और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझने के लिए प्रेरित किया गया।

इस पूरे अभियान को सफल बनाने में प्रसिद्ध पर्यावरणविद यशपाल रावत ने अपना विशेष योगदान दिया और विद्यार्थियों को प्रकृति के साथ सामंजस्य बिठाने के व्यावहारिक गुर सिखाए। कार्यक्रम में विद्यालय के उप प्रधानाचार्य प्रवीण सती सहित शिक्षक और प्रशासनिक स्टाफ के सदस्य चंद्रप्रकाश, मीनाक्षी बिष्ट, महेश कुमार, गोविंद बोरा और रवि आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई। विद्यालय परिवार के इस सामूहिक प्रयास की स्थानीय निवासियों ने सराहना की है, और छात्रों के इस कदम को क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने तथा नई पीढ़ी में जनचेतना जगाने की दिशा में एक अनुकरणीय पहल बताया है।


