नैनीताल । शहर के समस्त टैक्सी कारोबारियों की बैठक में नगर पालिका नैनीताल द्वारा लेकब्रिज पास न बनाए जाने व आर टी ओ, द्वारा लगातार किए जा रहे चालान पर कड़ा रोष व्यक्त किया गया ।
बैठक में टैक्सी चालकों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका द्वारा नैनीताल नगर के स्थाई कारोबारियों के लेक ब्रिज पास न बनाने से टैक्सी चालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है ।
उन्होंने कहा कि विगत कई दिनों से माल रोड एवं नैनीताल के आसपास आर टी ओ और पुलिस द्वारा लगातार चालान किए जा रहे हैं । जिससे सारे टैक्सी कारोबारी गाड़ियों का संचालन बंद करने को मजबूर हो रहे हैं ।
उन्होंने शासन व नैनीताल प्रशासन से मांग की कि वे नैनीताल शहर में स्थाई निवासी हैं और यहां टैक्सी कारोबार कर आजीविका चला रहे हैं । किंतु नगर पालिका,आर टी ओ और पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली से आजीविका नहीं कर पा रहे हैं । जिससे उन्हें पलायन होने को मजबूर किया जा रहा है ।
बताया गया कि टैक्सी यूनियन ने हाई कोर्ट में भी अपील की है कि नगरपालिका नैनीताल के स्थाई टैक्सी कारोबारियों की वाहनों के पास बनाए । कहा कि केवल नैनीताल की टैक्सी गाड़ियों को नैनीताल में नहीं चलने दिया जा रहा है जबकि अन्य राज्यों की टैक्सी गाड़ियां आसानी से आवाजाही कर रही हैं । टैक्सी चालकों ने शासन, प्रशासन, नगर पालिका से अपील की कि शहर के स्थाई टैक्सी कारोबारियों के लिये एक नीति बनाई जाए जिससे टैक्सी कारोबारी अपना भविष्य सुरक्षित रख सकें ।
बैठक में मल्लीताल टैक्स यूनियन के पदाधिकारी दीपक मटियाली अध्यक्ष, दीवान रौतेला सचिव, राहुल साह, पुनीत साह, तल्लीताल के प्रवीण बिष्ट संरक्षक, अध्यक्ष रमेश जोशी, सचिव गोविंद पवार, पूर्व अध्यक्ष पंकज तिवारी, ललित जोशी सहित सभी टैक्सी चालक एवं संचालकों ने भाग लिया ।


