खबर शेयर करें 👉

वीडियो-:

नैनीताल । सोमवार की रात हुई भारी बारिश के दौरान निकटवर्ती बजून गांव के तोक दुदिला में एक मकान मलवे में दब गया । जिससे मकान के गोठ में बंधे दो दुधारू भैंस व एक घोड़ा दब गया । साथ ही उपजाऊ जमीन भी मलवे में तब्दील हो गई । घटना की सूचना के बाद क्षेत्र के पट्टी पटवारी व अन्य लोग मौके पर पहुंचे हैं और नुकसान का आंकलन किया जा रहा है ।

  यह मकान तोक दुदिला निवासी भूपाल सिंह ढैला का है । जो उन्होंने कुछ वर्ष पूर्व बनाया था । यहां वे दिन में रहते थे और रात को परिवार सहित दूसरे घर रहते थे । लेकिन रात की बारिश में उनका नया बना यह घर, गोठ में बंधे तीन मवेशी (दो भैंस व एक घोड़ा) दब गए । साथ ही उनकी उपजाऊ जमीन मलवे में तब्दील हो गई है ।
  बताया गया है कि कुछ वर्ष पूर्व बजून से अधौड़ा जाने वाले मार्ग का जे सी बी मशीनों से कटान हुआ और सड़क निर्माण का मलबा सड़क के नीचे डाल दिया गया और यही मलवा दुदिला तोक में गया है । इसी स्थान पर दो वर्ष पूर्व चट्टान भी खिसक गई थी,जिसमें एक मोटर साइकिल मलवे में गायब हो गई थी । साथ ही लम्बे समय यह मार्ग यातायात के लिये बन्द हुआ था ।
बजून के ग्राम प्रधान,जिला पंचायत सदस्य व अन्य ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की तत्काल मदद करने की मांग की है ।

 बजून क्षेत्र अंतर्गत हुई पशुहानि के दृष्टिगत उप जिला अधिकारी नैनीताल नवाजिश खलिक द्वारा मंगलवार स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण किया गया तथा प्रभावित परिवार को मौके पर ही तीन लाख बारह हजार की धनराशि मुआवजे के तौर पर उपलब्ध कराई गई। साथ ही भूगर्भीय वैज्ञानिक के द्वारा मौके पर लैंडस्लाइड जोन के उपचारात्मक कार्य हेतु निरीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग नैनीताल द्वारा भी स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर मलबे के निस्तारण हेतु दो जेसीबी एवं डंपर्स लगाए गए हैं। प्रभावित परिवारों को नजदीक के ही सुरक्षित जगह में शिफ्ट किया गया है जिसके लिए प्रभावित परिवारों को नियमानुसार किराया भी अनुमन्य किया जा रहा है । जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में बुधवार 17 सितंबर को क्षेत्र अंतर्गत एक व्यापक शिविर का भी आयोजन किया जा रहा है जिसमें उक्त के अतिरिक्त अन्य प्रभावितों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जाएगा।

ALSO READ:  भवाली के कहलकवीरा-श्यामखेत में  पेयजल टैंकों की बदहाली से गहराया जल जनित बीमारियों का खतरा, स्थानीय जनता में भारी आक्रोश

You missed

You cannot copy content of this page