नैनीताल । जंतर मंतर दिल्ली में प्रदर्शन में शामिल युवाओं के ऊपर दिल्ली पुलिस द्वारा की गई बर्बरता के विरोध में गुरुवार को हाईकोर्ट के कई अधिवक्ताओं ने सभा कर युवाओं के आंदोलन का पुरजोर समर्थन किया । बैठक में प्रदर्शन में घायल युवाओं को मुवावजा देने व दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की गई ।
हाईकोर्ट बार सभागार में हुई बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लगातार लीक होने से युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है और इस सबके लिए जिम्मेदार सरकार चुप्पी साधे हुए है । जिससे युवाओं में भारी हताशा व निराशा है । युवा जब अपनी मांगों को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे तो उनकी बात सुनी जाने के बजाय उनके साथ दमनात्मक व्यवहार किया गया ।
कहा कि देशभर में पेपर लीक की खबरों के बीच देहरादून में पुनः एक परीक्षा पेपर लीक हो गया । जिससे पूरी व्यवस्था पर संदेह गहरा गया है ।
बैठक को वरिष्ठ अधिवक्ता व हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अवतार सिंह रावत, पूर्व सांसद व बार कौंसिल के पूर्व अध्यक्ष डॉ.एम एस पाल, एम सी पंत,दुर्गा सिंह मेहता,नवनीश नेगी, पी एस सौन,भुवनेश जोशी सहित कई अधिवक्ताओं ने संबोधित किया ।


