खबर शेयर करें 👉
 हल्द्वानी के गौलापार स्थित मानपुर पश्चिम गांव में बुधवार की सुबह   निर्माणाधीन पानी की टंकी की शटरिंग हटाने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मां और उसके दो बेटे शामिल हैं। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है
पुलिस के अनुसार, सबसे पहले 38 वर्षीय धर्म सिंह बिष्ट निर्माणाधीन पानी की टंकी के भीतर शटरिंग हटाने के लिए उतरे। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर उनके छोटे भाई 34 वर्षीय खुशाल सिंह बिष्ट उन्हें देखने के लिए टंकी में गए, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए। दोनों को नहीं निकलता देख उनकी 55 वर्षीय मां सरस्वती देवी अपने बेटों को बचाने के लिए टंकी में उतर गईं, लेकिन वह भी जहरीली गैस के कारण अचेत हो गईं।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण तत्काल तीनों को बाहर निकालकर सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। एक साथ तीन मौतों की खबर से अस्पताल और गांव में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही एसडीएम मोनिका आर्य, तहसीलदार कुलदीप पांडेय तथा चोरगलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि लंबे समय से बंद पड़ी निर्माणाधीन पानी की टंकी के भीतर जहरीली गैस जमा हो गई थी। इसी गैस के कारण दम घुटने से तीनों की मौत हुई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
ALSO READ:  नैनीताल में दोपहिया वाहनों से प्रवेश शुल्क वसूलने पर रोक, शहरी विकास मंत्री राम सिंह कै ड़ा ने जारी किए निर्देश, विधायक सरिता आर्य सहित पार्टी के अन्य नेताओं ने किया आभार व्यक्त ।

You missed

You cannot copy content of this page