नैनीताल पुलिस को चोरों ने चुनौती देते हुए एक ज्वैलरी की दुकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जवेरात व नकदी चुरा ली है । घटना विगत रात्रि की है ।
मुखानी थाना क्षेत्र के कुसुमखेड़ा में राधिका ज्वेलर्स में बीती रात चोरों ने एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। इसके साथ ही शोरूम में रखी नकदी भी चोरी कर ली गई। चोरों ने शोरूम में रखी एक बड़ी तिजोरी को काटने का भी प्रयास किया, लेकिन वह तिजोरी सुरक्षित बच गई।
ज्वैलरी शोरूम के मालिक नवनीत शर्मा ने बताया कि शोरूम के बगल में चल रहे एक दुकान के निर्माण कार्य का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
आशंका जताई जा रही है कि इस घटना को किसी बड़े और संगठित चोर गिरोह ने अंजाम दिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर सीओ अमित कुमार सहित पुलिस की टीम पहुंची और शोरूम का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच-पड़ताल की जा रही है और जल्द ही खुलासे का दावा किया जा रहा है।


