नैनीताल में राष्ट्रीय राजमार्ग-87 (नया 109) पर स्थित रामगढ़ पुल पर भारी और मालवाहक वाहनों के आवागमन को 20 जुलाई 2026 तक के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) नैनीताल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 11 जुलाई को हुई भारी बारिश के कारण रामगढ़ पुल के बाएं एबटमेंट की डाउनस्ट्रीम विंग वॉल करीब 12 मीटर तक क्षतिग्रस्त हो गई है। इस नुकसान की वजह से पुल की चौड़ाई घटकर अब मात्र 3.50 मीटर रह गई है। सुरक्षा के मद्देनजर और पुल को अधिक क्षति से बचाने के लिए प्रशासन ने विंग वॉल का मरम्मत कार्य पूरा होने तक यह कदम उठाया है।
इस पाबंदी के चलते यातायात को सुचारू रखने के लिए प्रशासन ने व्यापक डायवर्जन प्लान लागू किया है। इसके तहत अल्मोड़ा और रानीखेत से हल्द्वानी आने-जाने वाले सभी भारी व मालवाहक वाहनों को अब क्वारब, नथुवाखान, रामगढ़ और भवाली मार्गों से होकर गुजारा जाएगा। वहीं, हल्द्वानी से अल्मोड़ा की ओर जाने वाले भारी वाहनों को खुटानी मार्ग से और शेष वाहनों को भवाली-रामगढ़-नथुवाखान मार्ग से भेजा जाएगा। नैनीताल और ज्योलीकोट से अल्मोड़ा-रानीखेत जाने वाले भारी वाहनों को भी इसी डायवर्जन रूट का पालन करना होगा।
हालांकि, आम जनता को असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक सेवाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। गैस, तेल, सेना के वाहन, यात्री बसें और अन्य अति आवश्यक सामग्रियां ले जाने वाले वाहनों पर यह डायवर्जन प्लान लागू नहीं होगा। नैनीताल पुलिस की मीडिया सेल के अनुसार, यातायात पुलिस ने सभी भारी वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि वे इस निर्धारित रूट का पालन करें और सुरक्षित यात्रा के लिए पुलिस कर्मियों का सहयोग करें।


