खबर शेयर करें 👉

नैनीताल । गुरु अर्जुनदेव के शहीदी पर्व पर शनिवार को नैनीताल में गुरु सिंघ सभा के तत्वाधान में गुरु ग्रन्थ साहब का नगर भ्रमण,नगर कीर्तन, गतका पार्टी के शानदार करतब प्रदर्शन के साथ हुआ ।

   शनिवार को दोपहर में साढ़े बारह बजे गुरु ग्रंथ साहब की भव्य झांकी मल्लीताल गुरुद्वारे से माल रोड को रवाना हुई । जिसमें सबसे आगे सामाजिक सौहार्द, सिक्खों के ड्रेस कोड,पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती झांकिया थी । जिसके बाद रुद्रपुर से आये बेंड वादकों के दल की मधुर धुन से माहौल गुंजित हो रहा था । उसके पीछे रणजीत अखाड़ा रुद्रपुर व फतेहगढ़ से आई गतका पार्टी के कलाकार शस्त्र प्रदर्शन व हैरतअंगेज करतब दिखाते हुए चल रहे थे । गतका पार्टी के पीछे नगर कीर्तन करते महिला व पुरुषों के दल थे और उसके पीछे पंच प्यारों की अगुवाई में एक बड़े वाहन में सजी गुरु ग्रन्थ साहब की भव्य झांकी थी ।
 इस झांकी के आगे सिक्ख संगत के लोग पानी का छिड़काव करने,झाड़ू लगाने के साथ ही पुष्पवर्षा कर रहे थे । झांकी के निकलने के बाद पुनः झाड़ू लगाकर सड़क साफ की जा रही थी ।
  इस दौरान माल रोड व तल्लीताल में जगह जगह छबील,शीतल पेय, खिचड़ी, हलवा आदि प्रसाद के रूप में वितरित की जा रही थी ।
 यह झांकी अपर माल रोड से तल्लीताल तक गई और लोअर माल रोड से पुनः मल्लीताल गुरुद्वारे में पहुंची । यह झांकी करीब 4 घण्टे तक माल रोड में रही । इस दौरान यातायात व्यवस्था वन वे की गई थी और दिन में अधिकांश समय तक शहर की सड़कों में जाम लगा रहा ।

 

 नगर कीर्तन में नैनीताल के अलावा अन्य स्थानों से आये सिक्ख समाज के लोग भी शामिल रहे । आयोजन को सफल बनाने में गुरु सिंघ सभा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता जुटे थे ।

You cannot copy content of this page