नैनीताल ।

धारी ब्लॉक प्रमुख आशा रानी ने मुख्य शिक्षाधिकारी को पत्र भेजकर आदमखोर बाघ के आतंक को देखते हुए धारी ब्लॉक के दुदुली, अम्दौ, बबियाड़, बिरसिंग्या, पुटगांव व पोखरी गांव स्थित समस्त स्कूलों में अवकाश घोषित करने की मांग की है।

बताया उक्त गांवों में बाघ का जबरदस्त आतंक दिखाई दे रहा है। बाघ दिन दहाड़े हमला कर रहा है ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जब तक आतंक कम नहीं हो जाता स्कूलों को बंद कर दिया जाय। बताया पहाड़ के स्कूलों में बच्चे पैदल जाते हैं और अधिकांश स्कूलों तक पहुंचने के लिए बच्चों को जंगलों का रास्ता भी तय करना पड़ता है। उन्होंने शिक्षा अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों के स्कूलों में अवकाश घोषित करने की मांग की है।

 

जिला पंचायत सदस्य ने दी धरने पर बैठने की चेतावनी
 जिला पंचायत सदस्य अनिल चनौतिया ने वन विभाग के प्रति आक्रोश जताया है। उन्होंने कहा यदि प्रशासन ने रविवार दोपहर तक बाघ को मारने की कार्रवाई नहीं की तो वह धरने पर बैठे जायेंगे। कहा बाघ तीन दिन में दो महिलाओं को मार चुका है, लेकिन विभाग इसको मारने के लिए परमिशन की बात कर रहा है। उन्होंने वन विभाग से बाघ को सीधे आदमखोर मानते हुए मार देने की मांग की है।
बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए समस्त स्कूलों को बंद रखने की मांग
भीमताल। ब्लॉक अन्तर्गत ग्राम सभा पिस्तोला की प्रधान खष्टी राघव ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से बाघ के आतंक को देखते हुए क्षेत्र के सभी स्कूलों को बंद रखने की मांग की है। बताया पिस्तोला,  भौर्सा, बानना, पिनरो, दुदुली, मलुवाताल, खड़की, जंगलियागांव आदि गांव पिनरो गांव से लगे हुए हैं। मलुवाताल व पिनरो में बाघ तीन दिन में दो महिलाओं को मार चुका है। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए क्षेत्र के सभी स्कूलों को जब तक बाघ का आतंक कम नहीं हो जाता तब तक बंद रखने की मांग की है। साथ ही उन्होंने जल्द बाघ को मारने की मांग की है।
आदमखोर बाघ को शीघ्र मारने के आदेश करें-:डॉ. हरीश बिष्ट ।
भीमताल। ब्लॉक प्रमुख डॉ हरीश सिंह बिष्ट ने वन विभाग व डीएम से आदमखोर बाघ को जल्द मारने के आदेश करने की मांग की है। बाघ लगातार ब्लॉक के लोगों को अपना निवाला बना रहा है। ग्रामीण सदमे में हैं। आदमखोर गुलदार घोषित कर इसे तत्काल जिलाधिकारी से मारने के आदेश जारी करवाने की मांग की है। इसके अलावा पांडे गांव, जंगलियागांव, शिमाला, बनना, पिनरो, अल्चोना, दुदली, देवनगर, ताड़ा में निरंतर ग्रामीणों को दिख रहा है। ग्रामीण अपने दैनिक कार्यों हेतु घरों से बाहर नही निकल पा रहे हैं। जल्द नहीं मारा गया तो प्रशासन के खिलाफ आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
ग्रामीण महिलाओं की सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं
भीमताल। भीमताल ब्लॉक प्रधान संगठन अध्यक्ष हेमा आर्या ने प्रशासन से जल्द बाघ को पकड़ने या मारने की मांग की है। उन्होंने कहा यदि प्रशासन ने आदमखोर बाघ को नहीं पकड़ा तो ब्लॉक के प्रधान आंदोलन व धरना प्रदर्शन शुरू कर देंगे। बताया प्रशासन के पास ग्रामीण महिलाओं की सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं, जिसके चलते ग्रामीण महिलाओं को अकाल मौत के मुंह में जाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा यदि समय से बाघों को पकड़ लिया जाता तो दो महिलाएं अकाल मौत का शिकार नहीं होती। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने प्रशासन को दिए क्षेत्र में एसडीआरएफ  भेजने के निर्देश
 भाजपा कार्यकर्ताओं एवं जंगलियागांव की प्रधान राधा कुल्याल ने भीमताल पहुंचे केन्द्रीय राज्यमंत्री अजय भट्ट को ज्ञापन सौंपकर कर भीमताल ब्लॉक में बाघ द्वारा लगातार लोगों पर किए जा रहे हमलों के बारे में बताया‌। बताया तीन दिन के अंदर बाघ दो महिलाओं को मार चुका है। उन्होंने बाघ को मारने की मांग की।
जिस गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय मंत्री ने जिलाधिकारी व मुख्य वन संरक्षक कुमाऊं से दूरभाष पर वार्ता कर तत्काल क्षेत्र में एसडीआरएफ भेजने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने बाघ को आदमखोर घोषित कर मारने की कार्रवाई करने को भी कहा। कहा क्षेत्र में जगह जगह पिंजरे लगाये जाय। यहां भाजपा पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज भट्ट, वरिष्ठ नेता पुष्कर मेहरा, प्रधान राधा कुल्याल, प्रेम कुल्याल आदि मौजूद रहे।

By admin

"खबरें पल-पल की" देश-विदेश की खबरों को और विशेषकर नैनीताल की खबरों को आप सबके सामने लाने का एक डिजिटल माध्यम है| इसकी मदद से हम आपको नैनीताल शहर में,उत्तराखंड में, भारत देश में होने वाली गतिविधियों को आप तक सबसे पहले लाने का प्रयास करते हैं|हमारे माध्यम से लगातार आपको आपके शहर की खबरों को डिजिटल माध्यम से आप तक पहुंचाया जाता है|

You missed

You cannot copy content of this page