नैनीताल । तल्लीताल स्थित गांधी चौक चौराहे पर पति को उसकी प्रेमिका के साथ देखा तो पत्नी ने हंगामा कर दिया। पत्नी ने गुस्से में पति के कार का शीशा भी तोड़ दिया। किसी तरह प्रेमिका जान बचाकर मौके से भागी। प्रेमिका को वापस बुलाने की मांग को लेकर पत्नी व उसके परिजन पुलिस चौकी में घंटो जमे रहे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गाजियाबाद निवासी एक व्यक्ति अपनी पत्नी से छुपकर प्रेमिका के साथ घूमने के लिए नैनीताल आया हुआ था। जब इस बात की जानकारी पत्नी को लगी तो वह अपने परिजनों के साथ नैनीताल पहुंच गई। पति की तलाश कर रही पत्नी को दोपहर में तल्लीताल गांधी चौक पर पति की कार दिखाई दी। इस बीच परिजनों ने बीच सडक़ खड़े होकर वाहन रोक लिया। पत्नी को सामने देख पति और उसकी प्रेमिका दंग रह गए। पत्नी के कहने पर जब पति कार से बाहर नहीं निकला तो पत्नी और उसके परिजनों ने बीच सडक़ पति की कार का शीशा तोड़ दिया। इस बीच प्रेमिका किसी तरह कार से निकल कर भाग गई और हंगामा हो गया।
हंगामे पर पुलिसकर्मियों ने किसी तरह मामला शांत किया और दोनों पक्षों को पुलिस चौकी ले आए। जहां दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप करते रहे। पत्नी ने पति पर उससे मारपीट व घर से बाहर दूसरी महिला से संबंध होने के आरोप लगाए। वहीं पति ने भी पत्नी व उसके परिजनों पर मारपीट के आरोप लगाते हुए तलाक को लेकर मामला न्यायालय में चलने की बात कही। इस दौरान पत्नी व परिजन प्रेमिका को बुलाने की मांग पर चौकी में घंटो बैठे रहे। लेकिन प्रेमी के कई बार फोन करने पर भी प्रेमिका नहीं पहुंची।
मामले में तल्लीता थाने के एसओ मनोज नयाल ने बताया कि पति व पत्नी दोनों के बीच अलग होने का मामला चल रहा है। दोनों की काउंसलिंग के बाद उन्हें छोड़ दिया गया है।


