नैनीताल। नैनीताल जिमखाना एवं जिला क्रीड़ा संघ के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों की बैठक में 4 जून से 24 जून तक आयोजित होने वाली ऐतिहासिक 100वीं अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया ।
बैठक की अध्यक्षता डी एस ए के अवैतनिक महासचिव मनोज जोशी द्वारा की गई। बैठक में प्रतियोगिता के सफल एवं भव्य आयोजन हेतु विभिन्न समितियों एवं व्यवस्थाओं का कार्य विभाजन किया गया। आयोजन की मुख्य समन्वय जिम्मेदारी डॉ० मनोज बिष्ट को प्रदान की गई।
इसके अलावा मंच एवं अतिथि सत्कार, स्वागत समिति, झांकी संयोजन, मैदान एवं टीम व्यवस्था, स्टेडियम सजावट, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मीडिया एवं कार्यालय व्यवस्था, खिलाड़ियों एवं अतिथियों के जलपान तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए।
जिसमें झांकी संयोजन, विद्यालयों एवं संस्थाओं के समन्वय की जिम्मेदारी शैलेन्द्र बर्गली (सचिव वॉलीबॉल), करन सती जी (सचिव एथलेटिक्स), बृजेश बिष्ट एवं बिशन सिंह मेहता को सौंपी गई। मैदान एवं टीम व्यवस्था की जिम्मेदारी चंदलाल साह (सचिव हॉकी), पवन सिंह खनायत (सचिव फुटबॉल), डॉ० संतोष कुमार एवं भूपेन्द्र सिंह बिष्ट को दी गई।
स्टेडियम सजावट, लाइट, टेंट एवं सांस्कृतिक मंच व्यवस्था हेतु रवि प्रकाश जोशी (सचिव क्रिकेट), हरीश जोशी (सचिव बास्केटबॉल), वीरेन्द्र साह (सचिव इंडोर गेम) एवं खीमराज देऊपा (उपसचिव) को जिम्मेदारी प्रदान की गई। मीडिया एवं कार्यालय व्यवस्था हेतु भारत सिंह मेहरा (कार्यालय प्रभारी), शैलेन्द्र बर्गली एवं बिशन सिंह मेहता को जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों द्वारा डी एस ए भवन में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया गया तथा संबंधित कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने पर जोर दिया गया।
इन पदाधिकारियों ने डी एस ए मैदान में चल रहे निशुल्क खेल प्रशिक्षण कार्यक्रमों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान वरिष्ठ कोच गोविंद सिंह बोरा “गोपीजी” द्वारा बच्चों को दिए जा रहे निःशुल्क फुटबॉल एवं हॉकी प्रशिक्षण की सराहना की गई। साथ ही अन्य खेल गतिविधियों एवं खिलाड़ियों के प्रशिक्षण को और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई ।


