नैनीताल। रमपुरा वार्ड नंबर 8 निवासी एक युवक की स्ट्रीट लाइट ठीक करने के दौरान करंट लगने और खंभे से गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान महेंद्र सिंह (31 वर्ष), पुत्र बनवारी लाल के रूप में हुई है, जो नैनीताल स्थित राज्य अतिथि गृह में तकनीशियन के पद पर कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार वह राज्य अतिथि गृह के बाउंड्री में स्ट्रीट लाइट का काम कर रहा था। खंभे पर काम करते समय अचानक करंट लगने से वह अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर यति ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सहकर्मी सुरेश फुलारा ने बताया कि कार्य के दौरान महेंद्र ने सुरक्षा ग्लव्स नहीं पहने थे। सुरक्षा उपकरणों की यह अनदेखी जानलेवा साबित हुई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच कर रही है।


