भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व ने मण्डल अध्यक्ष पद के दावेदारों के लिये योग्यता निर्धारित कर दी है ।
इन शर्तों में स्पष्ट किया है कि मण्डल अध्यक्ष के दावेदार की उम्र 35 से 45 साल के बीच होनी चाहिय और एक व्यक्ति को अधिकतम दो बार ही तैनाती का भी नियम बनाया है।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के अनुसार भाजपा मंडल अध्यक्षों के चयन में युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
एक विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मंडलों में भौगोलिक और सामाजिक संतुलन का विशेष ध्यान रखा जाएगा। केंद्रीय नेतृत्व की ओर से इस संदर्भ में दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
मंडल अध्यक्षों के चयन में महिला, ओबीसी, एस सी,एस टी उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। इस पद के लिए मंडल, जिला और मोर्चा स्तर पर कार्य कर चुके सक्षम पदाधिकारियों के साथ ही विस्तारक योजना में काम कर चुके कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
इसके साथ ही मंडल अध्यक्ष के लिए पार्टी का प्राथमिक व सक्रिय सदस्य होने के साथ ही पूर्व में पार्टी में कोई दायित्व होना भी अनिवार्य है।
अनुशासनहीनता एवं पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहे किसी भी आरोपी को इस प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।
मंडल अध्यक्ष के चयन से पूर्व पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं से भी राय ली जाएगी।
बताया गया है कि 25 फरवरी तक मंडल अध्यक्षों और 28 फरवरी तक जिलाध्यक्षों के चुनाव संपन्न होंगे।