खबर शेयर करें 👉
नैनीताल । हाई कोर्ट  की  महिला अधिवक्ता के साथ फोन पर अभद्रता और धमकाने का मामला सामने आया है। महिला अधिवक्ता की ओर से कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। जिस पर पुलिस ने अज्ञात फोन नंबर धारक के खिलाफ संगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
 जानकारी के मुताबिक हाईकोर्ट की महिला अधिवक्ता रजनी सुयाल ने कोतवाली में तहरीर देकर कहा है कि बीते 20 अप्रैल की दोपहर उसके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से फोन आया। न्यायालय में होने के कारण वह फोन रिसीव नहीं कर पाई। मगर अज्ञात नंबर से लगातार फोन आने लगे। कई फोन आने के बाद उसने फोन रिसीव कर खुद को अधिवक्ता बताते हुए व्यस्त होने की बात कही तो दूसरी ओर से अज्ञात व्यक्ति उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। इतना ही नहीं अभद्रता करते हुए उसे घर से उठा लेने की धमकी देने लगा। जब उसने यह बात अपने पति को बताई तो पति द्वारा फोन करने पर भी अज्ञात व्यक्ति ने पति को भी गाली गलौज और जान से मारने की धमकी दी। महिला ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल प्रभारी प्रीतम सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ आईपीसी की धारा 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच एसआई हरीश सिंह को सौंपी गई है

You missed

You cannot copy content of this page