शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विभाग द्वारा हाल ही में किए गए 34 अधिशाषी अधिकारियों और प्रभारी अधिशाषी अधिकारियों के स्थानांतरण को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। मंत्री द्वारा शहरी विकास विभाग के सचिव को जारी किए गए आधिकारिक पत्र के अनुसार, बीते 17 जुलाई 2026 को शासन स्तर से जारी की गई तबादला सूची को पूरी तरह रद्द करने के निर्देश दिए गए हैं। शासन के इस अचानक और कड़े फैसले से प्रशासनिक हलकों और विभिन्न नगर पालिकाओं में हड़कंप मच गया है।

25 जुलाई को जारी किए गए इस पत्र में विभागीय मंत्री ने सचिव को सख्त हिदायत दी है कि स्थानांतरण निरस्त करने के संबंध में आज ही आवश्यक आदेश निर्गत किए जाएं और उन्हें इससे अवगत कराया जाए। गौरतलब है कि महज एक सप्ताह पहले ही प्रदेश की विभिन्न पालिकाओं में व्यवस्था को सुचारू बनाने के नाम पर बड़े पैमाने पर ये तबादले किए गए थे, लेकिन विभागीय मंत्री के इस हस्तक्षेप के बाद अब सभी 34 अधिकारियों का ट्रांसफर रुक गया है। इस बड़े फैसले के पीछे के प्रशासनिक कारणों को लेकर अब गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।


