खबर शेयर करें 👉
​नैनीताल। डी.एस.ए. नैनीताल के तत्वावधान में आयोजित प्रतिष्ठित 100वीं अखिल भारतीय ट्रेडर्स कप हॉकी प्रतियोगिता के अंतर्गत खेले गए पहले प्री-क्वार्टर फाइनल मैच में सी.बी.डी.टी. दिल्ली और यू.एस. नगर रुद्रपुर की टीमें आमने-सामने थीं। इस मुकाबले में दिल्ली की टीम ने शुरू से ही दबदबा बनाए रखा और रुद्रपुर को 3-0 से करारी शिकस्त देकर सेमी-लीग में अपनी जगह पक्की कर ली। मैच के मध्यांतर तक दिल्ली की टीम 1-0 से आगे चल रही थी। दिल्ली की ओर से खेल के 10वें मिनट में माचा ने पहला गोल दागा। इसके बाद पासा पलटते हुए 35वें मिनट में प्रणाम ने दूसरा और खेल के अंतिम पलों यानी 60वें मिनट में नाचाप्पा ने शानदार गोल कर अपनी टीम को 3-0 से एकतरफा जीत दिला दी।
​वहीं, प्रतियोगिता का दूसरा प्री-क्वार्टर मैच एस.जी.पी.सी. (SGPC) अमृतसर और डायमंड हॉकी क्लब पूरनपुर के बीच खेला गया। इस बेहद प्रतिस्पर्धी मुकाबले में अमृतसर ने दमदार खेल दिखाते हुए पूरनपुर को 5-1 के बड़े अंतर से हराकर सेमी-लीग में प्रवेश किया। खेल के मध्यांतर तक अमृतसर की टीम 2-0 से आगे थी, जिसमें 10वें मिनट में सुखदेव और 19वें मिनट में जगदीप ने गोल किए थे। मध्यांतर के बाद वापसी करते हुए पूरनपुर के हर्षित ने 32वें मिनट में गोल दागकर स्कोर को 2-1 कर दिया और मैच में रोमांच भर दिया। हालांकि, इसके बाद अमृतसर के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया; खेल के 36वें मिनट में करण ने, और फिर 57वें तथा 59वें मिनट में अर्शदीप ने लगातार दो गोल दागकर मुकाबला 5-1 से अपने नाम कर लिया।
आज तीसरा मुकाबला शाहबाद इलेवन शाहबाद व रोहिला टाईगर रामपुर के बीच खेला गया । इस मैच में एक खिलाड़ी को कार्ड दिखाने आदि कारणों से मैच में काफी व्यवधान हुआ । लेकिन अंततः यह मुकाबला शाहबाद ने 2-1 ने जीत लिया ।
​टूर्नामेंट के अगले चरण में कल 16 जून को तीन महत्वपूर्ण प्री-क्वार्टर राउंड मुकाबले खेले जाएंगे। जिसमें पहला मुकाबला पोस्ट ऑफिस रिक्रिएशन क्लब, मुंबई और मन्ना उस्ताद हॉकी क्लब, गोंडा के बीच खेला जाएगा। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे ऋषि मारकंडे हॉकी क्लब, शाहाबाद का मुकाबला एन.ई.आर. वाराणसी से होगा। दिन का अंतिम और तीसरा मुकाबला शाम 5:00 बजे मुंबई पुलिस, मुंबई और भोपाल इलेवन, भोपाल के मध्य खेला जाएगा।

You missed

You cannot copy content of this page