नैनीताल । तल्लीताल कृष्णापुर क्षेत्र में सोमवार की शाम एक विशाल बोल्डर गिरने से क्षेत्र में दहशत फैल गई । यह बोल्डर सड़क किनारे खड़ी कार के ऊपर गिरा जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई । इसके अलावा आसपास खड़ी कुछ बाइक भी क्षतिग्रस्त हुई हैं । चट्टान से टूटे पत्थर नीचे गुफा महादेव मंदिर की तरफ भी हुए । जिससे क्षेत्र में कुछ देर के लिए डर का माहौल पैदा गया ।
स्थानीय निवासी जफर अली के अनुसार यह घटना शाम करीब साढ़े छः बजे हुई ।जब एक बड़ा बोल्डर सड़क किनारे खड़ी कार यू के 02-9779 के ऊपर गिरा । संयोग से यह बोल्डर वहीं अटक गया । हालांकि कुछ पत्थर नीचे की तरफ भी तेजी से गिरे हैं । इस बोल्डर से कार बुरी तरह क्षति ग्रस्त हुई है ।
इस घटना से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है । लोगों ने तत्काल बोल्डर हटाने की मांग प्रशासन से की है । साथ क्षेत्र में सुरक्षात्मक कार्य किए जाने की मांग की है ।
जिस चट्टान से यह बोल्डर गिरा है वह लंबे समय से स्थानीय लोगों के लिए भय का कारण बना हुआ है । प्रशासन ने इसे एक जाल से बांधा था जो कि विशाल बोल्डर के लिए नाकाफी था । सोमवार को जब यह बोल्डर टूटा तो उसका एक बड़ा हिस्सा सड़क से नाले की तरफ लुढ़कते हुए नीचे मंदिर के निकट तक पहुंचा । लोगों का कहना है कि यदि बोल्डर नाले की तरफ न जाकर आबादी की तरफ गिरता तो व्यापक हानि होती । यह खतरा संयोग से टल गया । लेकिन भविष्य के लिए अभी चट्टान टूटने पर खतरा बरकरार है ।


